सोनीपत जिले के खरखौदा नगर पालिका क्षेत्र में तैनात 18 सफाई कर्मियों को नगर पालिका प्रशासन ने सेवा से बर्खास्त करने के नोटिस जारी कर दिए हैं। नगर पालिका कार्यालय के बाहर लंबे समय से धरना दे रहे इन कर्मचारियों पर सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और हड़ताल में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। जारी नोटिस में यह भी कहा गया है कि इन कर्मचारियों ने अन्य सहयोगियों को काम करने से रोका और सरकारी कार्य में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की। पालिका प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को आवश्यक सेवा बताते हुए कहा कि कर्मचारियों की लगातार अनुपस्थिति के कारण शहर में सफाई कार्य ठप्प रहा, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है। नोटिस में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के 18 अगस्त के आदेश का हवाला देते हुए यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन का संवैधानिक दायित्व है और इसमें बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी के मद्देनजर पालिका ने रोल पर कार्यरत इन 18 कर्मियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है। इस कार्रवाई को लेकर सफाई कर्मियों में भारी रोष है और उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण बताया है। धरने पर बैठी एक सफाई कर्मचारी सीमा ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में कुल 19 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से केवल 18 को ही नोटिस दिए गए हैं। उनका कहना है कि ये सभी 18 कर्मचारी वाल्मीकि समाज से आते हैं, जबकि 19वां कर्मचारी गैर-वाल्मीकि होने के कारण इस कार्रवाई से बच गया है। सीमा ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रशासन से मांग की है कि वह स्पष्ट करे कि आखिर वह कर्मचारी नोटिस के दायरे से बाहर क्यों रहा। उन्होंने कहा कि यह साफ तौर पर सामाजिक भेदभाव है और वे इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके बाद सभी सफाई कर्मी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और वहां सचिव से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सभी को एक समान नोटिस नहीं दिया गया और उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे जारी नोटिस को सार्वजनिक रूप से जलाकर विरोध प्रदर्शन तेज कर देंगे। इस बीच, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया के प्रदेश प्रशिक्षण सचिव एवं एडवोकेट विनोद कटारिया भी धरनास्थल पर पहुंचे और सफाई कर्मियों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ नौकरी की नहीं, बल्कि न्याय और सम्मान की है। उन्होंने कर्मचारियों के खिलाफ इस कार्रवाई को सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए बताया कि जो कर्मचारी शहर को साफ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, उनके साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है। कटारिया ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मनमाने ढंग से और चुनिंदा कर्मचारियों को निशाना बनाकर यह कार्रवाई की है। उन्होंने सरकार से हस्तक्षेप कर इस मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की अपील की है। गौरतलब है कि इससे पहले सोनीपत नगर निगम ने भी हड़ताल और काम में बाधा डालने के आरोप में 15 सफाई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की थीं, जिसके बाद अब खरखौदा में यह नया मामला सामने आया है। सफाई कर्मियों का कहना है कि जब तक उनके साथ न्याय नहीं होगा, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
सोनीपत के खरखौदा में 18 सफाई कर्मियों की सेवा समाप्ति का आदेश, भेदभाव का आरोप
सोनीपत जिले के खरखौदा नगर पालिका क्षेत्र में तैनात 18 सफाई कर्मियों को नगर पालिका प्रशासन ने सेवा से बर्खास्त करने के नोटिस जारी कर दिए हैं। नगर पालिका कार्यालय के बाहर लंबे समय से धरना दे रहे इन कर्म
NRI Post Hindi Desk · 76 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




