|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: कैंसर अब अधिसूचित बीमारी, जानिए क्यों जरूरी है मरीजों का रिकॉर्ड और क्या होगा फायदा

सुप्रीम कोर्ट ने देश के उन 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कैंसर को 'अधिसूचित बीमारी' की श्रेणी में शामिल करने का आदेश दिया है, जिन्होंने अभी तक ऐसा नहीं किया है। दरअसल, कोर्ट को बताया गया कि दे

NRI Post Hindi Desk · 104 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

सुप्रीम कोर्ट ने देश के उन 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कैंसर को 'अधिसूचित बीमारी' की श्रेणी में शामिल करने का आदेश दिया है, जिन्होंने अभी तक ऐसा नहीं किया है। दरअसल, कोर्ट को बताया गया कि देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में से केवल 17 ने ही कैंसर को इस सूची में डाला है। ऐसे में शेष राज्यों को भी इस बीमारी के मरीजों का आधिकारिक रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि 'अधिसूचित बीमारी' वह होती है जिसके मामलों की जानकारी अस्पतालों, डॉक्टरों और लैब के लिए सरकार या स्वास्थ्य अधिकारियों को देना कानूनन अनिवार्य होता है। भारत में डेंगू, मलेरिया, टीबी और एड्स जैसी बीमारियां पहले से ही इस लिस्ट में शामिल हैं। यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 में भारत में कैंसर के नए मामलों की संख्या 14,61,427 थी, जो हर साल बढ़ रही है। कैंसर के हर मामले का रिकॉर्ड रखना इसलिए जरूरी है ताकि मरीजों की कुल संख्या का सटीक आंकड़ा सरकार तक पहुंच सके। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि किस इलाके में कैंसर के कितने मामले हैं, कौन सा कैंसर ज्यादा पाया जा रहा है और किन क्षेत्रों में मरीजों को जांच या इलाज की सुविधा कम मिल रही है। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पूरे देश में कैंसर की रोकथाम और स्क्रीनिंग के लिए एक जैसी नीति लागू की जा सकेगी। फिलहाल भारत में नेशनल कैंसर रजिस्ट्री प्रोग्राम पहले से काम कर रहा है, लेकिन उसे देश के हर हिस्से से एक समान और पूरा डेटा नहीं मिल पाता है। ग्रामीण क्षेत्रों और कई राज्यों में कैंसर की वास्तविक स्थिति को लेकर जानकारी सीमित है। साथ ही, बड़ी संख्या में मरीज निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटर में इलाज कराते हैं, जिनकी जानकारी व्यवस्थित रूप से राष्ट्रीय सिस्टम से नहीं जुड़ पाती है। इंडियन कैंसर सोसाइटी दिल्ली की चेयरपर्सन ज्योत्सना गोविल का कहना है कि कैंसर के मामलों की अनिवार्य रिपोर्टिंग होनी चाहिए, ताकि इस बीमारी के मरीजों का सही आंकड़ा सरकार तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में कैंसर का डेटा एक जैसा होना चाहिए, क्योंकि अगर एक राज्य में मामले दर्ज करने का तरीका अलग है और दूसरे में अलग, तो दोनों राज्यों के आंकड़ों की सही तुलना करना मुश्किल होगा। इसलिए एक समान राष्ट्रीय व्यवस्था की आवश्यकता है, जिसमें यह स्पष्ट हो कि कौन सा मामला दर्ज किया जाएगा, कौन जानकारी देगा और किस प्रारूप में देगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका सबसे बड़ा लाभ आम लोगों को होगा। सही आंकड़ों के आधार पर जिन इलाकों में किसी खास तरह के कैंसर के मामले ज्यादा पाए जाएंगे, वहां स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच की सुविधाएं बढ़ाई जा सकेंगी। जरूरत के अनुसार अस्पताल, जांच केंद्र, कैंसर विशेषज्ञ और उपचार सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। साथ ही, जिन क्षेत्रों में मरीजों का देर से डायग्नोज हो रहा है, वहां जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जा सकेगी, जिससे बीमारी की रोकथाम और समय पर इलाज संभव हो सकेगा।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!