|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है तो सड़कों पर प्रदर्शन क्यों? राहुल गांधी के विचित्र रवैये पर उठे सवाल

राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं द्वारा मतदाता सूची को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई टल गई है, क्योंकि उसमें अनेक कमियां पाई गईं। इन कमियों को दूर करने के बाद ही उनकी याचिका पर सुनवाई होगी

NRI Post Hindi Desk · 42 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है तो सड़कों पर प्रदर्शन क्यों? राहुल गांधी के विचित्र रवैये पर उठे सवाल
📷 NRI Post Hindi Desk

राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं द्वारा मतदाता सूची को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई टल गई है, क्योंकि उसमें अनेक कमियां पाई गईं। इन कमियों को दूर करने के बाद ही उनकी याचिका पर सुनवाई होगी, और इसके साथ ही मतदाता सूचियों को शुद्ध करने की प्रक्रिया यानी एसआईआर पर दायर अन्य याचिकाओं पर भी सुनवाई होगी। यह भी तय है कि राहुल गांधी ने अपनी याचिका में जिन बिंदुओं का उल्लेख किया है, उन पर भी सुप्रीम कोर्ट विचार करेगा। इसके बाद राहुल गांधी और उनके साथियों को सुनवाई की प्रतीक्षा करनी चाहिए, लेकिन वे धरना-प्रदर्शन के साथ शक्ति प्रदर्शन भी कर रहे हैं और इसे जारी रखने की बात कर रहे हैं। यहां यह प्रश्न उठता है कि आखिर राहुल गांधी के यह कहने का क्या मतलब है कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है, जबकि वे उसके फैसले की प्रतीक्षा करने को तैयार ही नहीं हैं। क्या वे यह चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट उनके हिसाब से निर्णय दे, या फिर उनकी दिलचस्पी उन बिंदुओं पर उसकी राय जानने की है ही नहीं, जो उन्होंने अपनी याचिका में उठाए हैं। यह प्रश्न इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे अंतिम लक्ष्य पाने तक चैन से न बैठने की बात कर रहे हैं और यह संकेत देने में संकोच भी नहीं कर रहे हैं कि उनका अंतिम लक्ष्य मुख्य चुनाव आयुक्त समेत मोदी सरकार को हटाना है। क्या वे यह काम सड़कों पर उतरकर और यह झूठ फैलाकर करना चाहते हैं कि लोकतंत्र खत्म हो गया है। लोकतंत्र में तो सत्ता परिवर्तन चुनाव के जरिये होता है। क्या राहुल गांधी अन्य कोई तरीका आजमाना चाह रहे हैं। राहुल गांधी एसआईआर को वोट चोरी का नाम देकर न केवल जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि उसके विरोध में लोकतांत्रिक तौर-तरीकों से इतर रास्ता भी अपना रहे हैं। इसके लिए वे एसआईआर की कमियों, जटिलताओं और उसके चलते लोगों को हो रही परेशानी को अपनी ढाल बना रहे हैं। अब जब वे झूठ को घी बनाकर उसे आग में डालने का काम कर रहे हैं, तब चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। इसके लिए एसआईआर प्रक्रिया तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक चुनाव नहीं आ जाते। चुनाव आयोग की ओर से लोगों को अपना सही विवरण और दस्तावेज देने के लिए जो पत्र जारी होते हैं, उन्हें नोटिस का नाम देने से कुछ ऐसा संदेश निकलता है कि उनका नाम वोटर लिस्ट से कटने जा रहा है। संदेश तो यह जाना चाहिए कि एसआईआर के जरिये उन्हें उनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज कराने की सुविधा दी जा रही है। चुनाव आयोग को जितना ध्यान अपात्र लोगों को वोटर लिस्ट से बाहर करने पर देना चाहिए, उतना ही पात्र लोगों को मतदाता बनाने पर भी देना चाहिए। इससे ही लोगों का भरोसा बढ़ेगा और वे विपक्ष के बहकावे में आने से बचेंगे। विपक्ष का यह विचित्र रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि जब व्यवस्था और न्यायपालिका पर प्रश्न उठाए जाते हैं, तो उसका असर पूरे लोकतंत्र पर पड़ता है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!