|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
मनोरंजन

सलमा दीवानी के किरदार और समय रैना के कमेंट पर छिड़ा विवाद, जानिए कौन हैं भाग्यश्री तार्के

स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीज़न 2' की कंटेस्टेंट भाग्यश्री तार्के ने 'सलमा दीवानी' नाम के अपने मजेदार किरदार से सबका दिल जीत लिया। उनके शानदार और मजेदार परफॉरमेंस ने न सिर्

NRI Post Hindi Desk · 10 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीज़न 2' की कंटेस्टेंट भाग्यश्री तार्के ने 'सलमा दीवानी' नाम के अपने मजेदार किरदार से सबका दिल जीत लिया। उनके शानदार और मजेदार परफॉरमेंस ने न सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि हुमा कुरैशी, कृष्णा अभिषेक, आशीष सोलंकी और बलराज घई जैसे पैनलिस्ट्स को भी इंप्रेस किया। अपने बेहतरीन सेंस ऑफ ह्यूमर और शानदार कॉमिक टाइमिंग की बदौलत वह इस एपिसोड की विजेता बनीं और एक लाख रुपये का इनाम जीता। सलमा दीवानी को सभी पैनलिस्ट्स से पूरे दस अंक मिले और उन्होंने खुद भी अपने कार्ड पर दस अंक दिए, जिससे उनका परफॉरमेंस शो का सबसे यादगार और विजयी पल बन गया। एक लाख रुपये के नकद इनाम के साथ-साथ उन्हें एक स्मार्टफोन भी मिला और जब उनसे पूछा गया कि वह इस इनाम की रकम का क्या करेंगी, तो सलमा ने बताया कि वह इसमें से कुछ हिस्सा नेपाल में दान कर देंगी। हालांकि समय रैना का 'सलमा दीवानी' पर किया गया कमेंट अब विवाद की वजह बनता भी जा रहा है। दरअसल, शो में सलमा दीवानी से जब समय रैना ने पूछा कि वह शो में किसके साथ आई हैं तो उन्होंने बताया कि उनके चचेरे भाई साथ आए हैं। जब हुमा कुरैशी ने उनके चचेरे भाई के बारे में पूछा तो समय रैना ने तुरंत चुटकी लेते हुए कहा कि वह असल में उनके हसबैंड हैं। समय ने ये मजाक मुस्लिम धर्म में चचेरे भाई-बहन की शादी को लेकर की थी और सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई है। इसके अलावा कई लोगों ने ये तक दावा किया कि समय के इस मजाक के बाद हुमा काफी असहज हो गई थीं। 'सलमा दीवानी' के किरदार को निभाने वाली पैंतीस वर्षीय भाग्यश्री तार्के हैदराबाद की एक स्टेज एक्टर और थिएटर मेकर हैं, जिन्होंने हाल ही में इस शो में अपने मजेदार किरदार से सबका ध्यान खींचा। उनके इस वायरल किरदार के अलावा भी उनके बारे में बहुत कुछ है। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, दिल्ली से प्रशिक्षित एक्टर भाग्यश्री, थिएटर और एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले एक पत्रकार थीं। परफॉर्मिंग आर्ट्स में अपना करियर बनाने से पहले, उन्होंने प्रिंट मीडिया में काम किया और कई अखबारों के लिए लिखा तथा हैदराबाद के पुराने शहर को कवर करने वाली संवाददाता के रूप में काम किया। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान, उन्होंने धर्म, अपराध और कभी-कभी राजनीति से जुड़ी खबरों को कवर किया। उन्होंने कई ओरिजनल नाटकों का निर्देशन भी किया है और 'सखाराम बाइंडर' तथा 'द गुड डॉक्टर' जैसे नाटकों में भी काम किया है। पिछले कुछ वर्षों में, भाग्यश्री ने विशाल भारद्वाज, मीरा नायर, अमितेश ग्रोवर और अतुल कुमार जैसे कई जाने-माने निर्देशकों के साथ काम किया है और उन्होंने विशाल भारद्वाज की मर्डर-मिस्ट्री सीरीज 'चार्ली चोपड़ा एंड द मिस्ट्री ऑफ सोलंग वैली' के साथ ओटीटी पर भी डेब्यू किया। 'सलमा दीवानी' के पीछे की प्रेरणा के बारे में बात करते हुए, भाग्यश्री ने बताया कि यह विचार उन्हें नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से जुड़ने के बाद आया, जब वह अपना खुद का एक सोलो परफॉरमेंस तैयार करना चाहती थीं। यह किरदार एक ऐसी अकेली महिला के इर्द-गिर्द घूमता है, जिसके दो छोटे बच्चे हैं और जिसका पति खाड़ी देशों में रहता है। जो एक विचार के रूप में शुरू हुआ था, वह आगे चलकर एक खास दक्खनी किरदार में बदल गया और अब समय रैना के शो में आने की वजह से, इस किरदार को एक बड़ा दर्शक वर्ग मिल गया है।

🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!