|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

स्वतंत्रता दिवस 2026: देश से 5 साल पहले 17 दिन के लिए आजाद हुआ था यूपी का ये शहर, अंग्रेज छोड़कर भाग गए थे कचहरी

देश भले ही 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त हुआ हो, लेकिन उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में घाघरा और राप्ती नदियों के संगम पर बसा बरहज नगर अपनी आजादी का जश्न उससे पांच साल पहले ही मना चुका

NRI Post Hindi Desk · 103 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
स्वतंत्रता दिवस 2026: देश से 5 साल पहले 17 दिन के लिए आजाद हुआ था यूपी का ये शहर, अंग्रेज छोड़कर भाग गए थे कचहरी
📷 NRI Post Hindi Desk

देश भले ही 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त हुआ हो, लेकिन उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में घाघरा और राप्ती नदियों के संगम पर बसा बरहज नगर अपनी आजादी का जश्न उससे पांच साल पहले ही मना चुका था। दरअसल, वर्ष 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान यह नगर पूरी तरह से अंग्रेजी हुकूमत से मुक्त हो गया था और लगातार 17 दिनों तक यहां आजादी का परचम लहराता रहा। इतिहासकार प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार मिश्रा के अनुसार, 9 अगस्त 1942 को जब महात्मा गांधी की गिरफ्तारी की खबर बरहज पहुंची तो स्वतंत्रता सेनानियों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद बाबा राघव दास के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं का जुलूस स्थानीय कचहरी की ओर निकल पड़ा और वहां पहुंचकर अंग्रेजों के यूनियन जैक को उतारकर हाथ से सिले खादी के तिरंगे को शान से फहरा दिया गया। इस घटना के बाद अंग्रेज अधिकारी कचहरी छोड़कर भाग गए और बरहज को ‘आजाद जोन’ घोषित कर दिया गया। बताया गया है कि बरहज की व्यापारिक नगरी को हाथ से जाना अंग्रेजी हुकूमत के लिए एक बड़ी चुनौती थी, इसलिए विद्रोह को कुचलने के लिए सलेमपुर से सेना की एक टुकड़ी भेजी गई थी। हालांकि, आंदोलनकारियों ने सरयू पुल के पास रेल पटरी उखाड़ दी, जिससे सेना की राह रुक गई और उन्हें नावों से घाघरा नदी पार कर नगर में प्रवेश करना पड़ा। सेना ने नगर में बर्बर लाठीचार्ज किया और 32 लोगों को गिरफ्तार कर देवरिया जेल भेज दिया। सरकारी अभिलेखों में यह घटना आज भी ‘बरहज कांड 1942’ के नाम से दर्ज है। स्वतंत्रता सेनानी के नाती अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि वह ऐतिहासिक तिरंगा उनकी दादी ने चरखे से सूत कातकर हाथों से बनाया था, जिसे परिवार ने आज भी धरोहर के रूप में संभाल कर रखा है। बुजुर्ग सीताराम के मुताबिक, उनके पिता बताया करते थे कि 17 दिनों तक कचहरी पर एक भी अंग्रेज अधिकारी नहीं आया और पूरा राज युवाओं के हाथ में था। यह बेहद दुखद पहलू है कि आजादी के 79 साल बाद भी जिन शहीदों ने बरहज को पहली आजादी दिलाई, उनके नाम पर नगर में एक भी स्मारक, द्वार या पार्क का निर्माण नहीं हुआ है। जिस डाक बंगले पर पहली बार तिरंगा फहराया गया था, वह आज उपेक्षा का शिकार होकर खंडहर में तब्दील हो रहा है। शहर के इतिहास का यह स्वर्णिम अध्याय आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के चलते यह विरासत धीरे-धीरे धूमिल होती जा रही है।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!