प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के पुराना किला में तीन दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया का नक्शा बदला है, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एससीओ का यह सभ्यतागत संवाद मंच केवल औपचारिक आयोजन बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे ऐसा मंच बनना चाहिए जो दुनिया को नई दिशा देने में सक्षम हो। कार्यक्रम में पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भी शामिल हुए, जो इस आयोजन की व्यापकता और महत्व को दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की सांस्कृतिक विचारधारा 'वसुधैव कुटुंबकम' का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति पूरी दुनिया को एक परिवार के रूप में देखने की सीख देती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के कल्याण की इच्छा भी व्यापक रूप से पूरी दुनिया की भलाई की भावना से जुड़ी हुई है और आपसी सद्भाव को हम वैश्विक कल्याण का आधार मानते हैं। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जारी युद्ध और संघर्षों के बीच उन्होंने सभ्यतागत रिश्तों और आपसी सद्भाव के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ये दुनिया में शांति और खुशहाली की सबसे मजबूत नींव बन सकते हैं। उन्होंने देशों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। एससीओ देशों की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वहां के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागार में हजारों साल पुरानी धरोहर सुरक्षित है, जिनमें प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ किताबें, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां शामिल हैं। ये धरोहरें अलग-अलग देशों के पुराने संबंधों की कहानी भी बताती हैं। उन्होंने साझी विरासत को बचाने की अपील करते हुए कहा कि तकनीक की मदद से इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है और इसके लिए एससीओ देश प्राचीन ग्रंथों को डिजिटल रूप में सुरक्षित करने तथा उनका दूसरी भाषाओं में अनुवाद करने के लिए मिलकर काम कर सकते हैं। साझा इतिहास के नए पहलुओं को सामने लाने के लिए संयुक्त शोध परियोजनाएं भी शुरू की जा सकती हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं को इस काम की अहम कड़ी बताते हुए कहा कि आने वाले दशकों में युवा ही सभ्यताओं के बीच संवाद को नई ऊंचाई देंगे। उनके अनुसार आज की युवा पीढ़ी तकनीक से जुड़ी है और दुनिया को बेहतर तरीके से समझना चाहती है, इसलिए उसे दूसरे देशों की भाषा, साहित्य और संस्कृति को जानने के ज्यादा मौके मिलने चाहिए। युवा कलाकार, लेखक और फिल्म निर्माता डिजिटल मीडिया के जरिए साझा विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचा सकते हैं और इस काम में स्थानीय कलाकारों तथा शिल्पकारों को भी शामिल करना जरूरी है। सांस्कृतिक जुड़ाव में तकनीक की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिन रास्तों से हमारे पूर्वजों को यात्रा करने में महीनों लग जाते थे, आज तकनीक के जरिये अलग-अलग देशों के लोगों को कुछ ही सेकंड में जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मंचों ने ज्ञान साझा करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है और एससीओ सदस्य देशों से इन नए अवसरों का पूरा लाभ उठाने की अपील की, ताकि सांस्कृतिक आदान-प्रदान विचारों को समृद्ध कर सके और दुनिया के साझा नजरिये को विकसित करने में मददगार हो सके।
साम्राज्यों ने बदला नक्शा, संवाद ने सोच: पीएम मोदी ने एससीओ मंच का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के पुराना किला में तीन दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि साम्राज्यों ने
NRI Post Hindi Desk · 4 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


