|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: न्यायिक एकरूपता के लिए ई-कमेटी को ज्ञापन देने की मिली अनुमति

देश की न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और सुलभ बनाने की दिशा में सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शीर्ष अदालत ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ता अश्विनी उपाध

NRI Post Hindi Desk · 21 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: न्यायिक एकरूपता के लिए ई-कमेटी को ज्ञापन देने की मिली अनुमति
📷 NRI Post Hindi Desk

देश की न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और सुलभ बनाने की दिशा में सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शीर्ष अदालत ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ता अश्विनी उपाध्याय को यह अनुमति प्रदान की है कि वे देश के सभी उच्च न्यायालयों में मुकदमों के नामकरण, पंजीकरण प्रक्रियाओं और न्यायिक शब्दावली में एकरूपता लाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट की ई-कमेटी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंप सकें। इस मामले की सुनवाई प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने की, जिसमें न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। पीठ ने याचिका को न्यायिक पक्ष पर सुनने से इनकार कर दिया, लेकिन यह स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता द्वारा उठाया गया मुद्दा अत्यंत प्रासंगिक और न्यायहित से जुड़ा हुआ है। याचिकाकर्ता ने अदालत का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि अलग-अलग उच्च न्यायालयों और यहां तक कि एक ही उच्च न्यायालय की विभिन्न बेंचों में भी मुकदमों के वर्गीकरण और संक्षिप्त रूपों में भारी अंतर देखने को मिलता है। उदाहरण के तौर पर, एक रिट याचिका को कहीं डब्ल्यूपी तो कहीं डब्ल्यूपीए लिखा जाता है, जबकि आपराधिक अपील के लिए सीआरए, सीआर डॉट ए, सीआरएपीएल और सीआरएल डॉट ए जैसी अलग-अलग संक्षिप्त शब्दावलियों का उपयोग किया जाता है, जिससे न्यायिक डाटा को खोजना और ट्रैक करना बेहद पेचीदा हो जाता है। न्यायमूर्ति बागची ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा पहले से ही ई-कमेटी की यूनिफार्म ज्यूडिशियल कोड जैसी व्यापक मानकीकरण परियोजना का हिस्सा है, जिससे नेशनल ज्यूडिशियल डाटा ग्रिड पर डाटा खोजना और अधिक सुगम हो जाएगा। पीठ ने यह भी कहा कि जिला और मजिस्ट्रेट अदालतों में केस इन्फार्मेशन सिस्टम के जरिये मानकीकरण का काम पहले ही किया जा चुका है और अब इसे उच्च न्यायालयों तक बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, देशभर में एक समान कोर्ट फीस लागू करने की मांग पर अदालत ने इसे राज्यों के विधायी दायरे का मामला बताया। याचिका में बताया गया था कि समान मुकदमे और राशि के मामलों में भी अलग-अलग राज्यों में कोर्ट फीस में जमीन-आसमान का फर्क है। उदाहरण के लिए, दस हजार रुपये के मुकदमे की फीस पंजाब और हरियाणा में 250 रुपये है, तो बिहार-झारखंड में 1,480 रुपये और उत्तर प्रदेश में 1157.50 रुपये है। इस पर प्रधान न्यायाधीश ने टिप्पणी की कि कोर्ट फीस राज्यों के विधायी दायरे में आती है और दिल्ली जैसे महानगरों के नागरिकों की भुगतान क्षमता बिहार या ओडिशा के ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब नागरिकों की तुलना में अधिक हो सकती है। अदालत ने कहा कि वह विधायी शक्तियों के तहत राज्य विधानसभाओं के अधिकारों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकती।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!