नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर उठे सवालों पर अहम सुनवाई हो रही है। करीब तीन दर्जन याचिकाओं में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर, चुनाव आयोग के भीतर फैसले लेने के तरीके और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ताओं में एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स, गैर सरकारी संगठन लोक प्रहरी और कांग्रेस नेता जया ठाकुर शामिल हैं, जिन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त अधिनियम, 2023 को चुनौती दी है। याचिकाकर्ताओं ने 2023 के कानून की धारा 16 को भी चुनौती दी है, जो चुनाव आयुक्तों को उनके आधिकारिक कामकाज से जुड़े कुछ मामलों में कानूनी कार्रवाई से संरक्षण देता है। उनका आरोप है कि इससे चुनाव आयोग की जवाबदेही प्रभावित हो सकती है। विवाद चयन समिति की संरचना को लेकर भी है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि मुख्य न्यायाधीश को समिति से हटाकर केंद्रीय मंत्री को शामिल करने से चयन प्रक्रिया में सरकार का बहुमत हो जाता है। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने, चयन समिति में मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने और कानून को असंवैधानिक घोषित करने की मांग की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज को चुनौती देने वाली याचिकाओं में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने दोनों अन्य चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना कई अहम फैसले लिए। याचिकाओं के मुताबिक, अक्टूबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच मतदाता सूची के प्रबंधन और डेटा को केंद्रीकृत करने जैसे मुद्दों पर कम से कम 14 फैसलों को लेकर लिखित आपत्तियां जताई गई थीं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने संयुक्त हलफनामा दाखिल कर याचिकाकर्ताओं के आरोपों को गलत बताया है। आयोग के मुताबिक, जून 2025, अक्टूबर 2025 और मई 2026 में एसआईआर से जुड़े सभी आदेश तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए थे। आयोग ने कहा है कि किसी फाइल पर दर्ज टिप्पणी या आपत्ति को अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता और फॉर्म 6 में बदलाव के आरोप को भी नकारते हुए कहा कि इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। मतदाता सूची में बदलाव को लेकर याचिकाकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच और एसआईआर पर रोक की मांग की है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के किसी रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में जांच आयोग बनाने या विशेष जांच दल यानी एसआईटी से जांच कराने की मांग की है। साथ ही देशभर में चल रहे एसआईआर को अवैध घोषित करने और इस पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई है। आज की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट इन सभी पहलुओं पर विचार करेगा, जिससे चुनाव आयोग की स्वायत्तता और मतदाता सूची प्रक्रिया से जुड़े अहम सवालों पर फैसला होने की उम्मीद है।
सुप्रीम कोर्ट में आज चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति और मतदाता सूची पर अहम सुनवाई, तीन दर्जन याचिकाएं दाखिल
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर उठे सवालों पर अहम सुनवाई हो रही है। करीब तीन दर्जन याचिकाओं में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी
NRI Post Hindi Desk · 28 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


