स्पेन में इस साल हुए दो भीषण रेल हादसों के बीच परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। यह ऐलान उन्होंने मंगलवार को संसद में कई घंटों तक चली सुनवाई के बाद किया। इस दौरान उन्होंने सांसदों के सामने रेल हादसों से जुड़ी परिस्थितियों और सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। राजधानी मैड्रिड के दक्षिण में 28 अक्टूबर को दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 69 लोगों की मौत हो गई थी, जो इस साल स्पेन के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर हुआ दूसरा बड़ा हादसा था। इससे पहले जनवरी में मैड्रिड-सेविले हाई-स्पीड रेल मार्ग पर हुए एक अन्य हादसे में 46 लोगों की मौत हो गई थी, जिसकी जांच अभी भी जारी है। एक ही साल में दो बड़े रेल हादसों में कुल 115 लोगों की मौत ने स्पेन के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुएंते ने सांसदों से कहा कि स्पेन जैसे देश में कोई परिवहन मंत्री एक साल से भी कम समय में दो दुर्घटनाओं के बाद अपने पद पर बना नहीं रह सकता, यह राजनीतिक गरिमा, सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता का सवाल है। जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर की दुर्घटना की शुरुआत मैड्रिड-सेविले रेल मार्ग पर कम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी आने से हुई थी, जो ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था के संचालन में जरूरी भूमिका निभाता है। कम्यूनिकेशन ठप होने के बाद मैड्रिड स्थित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष ने ट्रेनों के संचालन की जिम्मेदारी संभाली और एक ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी, जबकि उसी पटरी पर आगे दूसरी ट्रेन खड़ी थी, जिसके बाद तेज रफ्तार ट्रेन खड़ी ट्रेन से टकरा गई और भीषण हादसा हो गया। इस्तीफे की घोषणा से पहले मंगलवार को परिवहन मंत्री ने रेल नेटवर्क की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई नए उपायों की जानकारी भी दी, जिनमें रेलवे नियंत्रण केंद्रों की कार्य परिस्थितियों में सुधार करना और यूरोपीय रेल यातायात प्रबंधन प्रणाली को तेजी से लागू करना शामिल है। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर का हादसा देश में होने वाले राष्ट्रीय चुनाव से महज चार सप्ताह पहले हुआ था। स्पेन का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा नेटवर्क है और इसे देश की प्रमुख तकनीकी और बुनियादी ढांचागत उपलब्धियों में गिना जाता है, लेकिन तीन दशक से अधिक समय बाद इस साल हुए इन दो जानलेवा हादसों ने इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्पेन में दो भीषण रेल हादसों के बाद परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते का इस्तीफा, 115 लोगों की मौत ने उठाए सुरक्षा सवाल
स्पेन में इस साल हुए दो भीषण रेल हादसों के बीच परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। यह ऐलान उन्होंने मंगलवार को संसद में कई घंटों तक चली सुनवाई के बाद किया। इस दौर
NRI Post Hindi Desk · 20 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


