देश की सांस्कृतिक थाली में यदि कोई पर्व सबसे सात्विक, अनुशासित और आत्मिक माना जाए तो वह छठ है। यह सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि पवित्रता, संयम और कृतज्ञता का उत्सव है। सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित यह पर्व चार दिनों तक चलता है, जिसमें हर अन्नकण, हर प्रसाद और हर आहूति पवित्र भावनाओं से ओतप्रोत होती है। इन दिनों घरों में सिर्फ पूजा की तैयारियां नहीं, बल्कि परंपराओं और सात्विकता की खुशबू भी घुल रही है। कहीं मिट्टी के नए चूल्हे पर गुड़ का रसियाव पक रहा है तो कहीं गेहूं के आटे, गुड़ और घी से ठेकुआ तैयार करने की तैयारी है। सूप में सजने वाले फल हों या पूजा के लिए बनने वाले पकवान, छठ में हर सामग्री का अपना धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यही वजह है कि इस पर्व की रसोई सामान्य भोजन से अलग एक विशेष पवित्रता और अनुशासन का प्रतीक बन जाती है। छठी मैया को समर्पित चार दिवसीय यह महापर्व नहाय-खाय से शुरू होता है। पहले दिन व्रती स्नान के बाद सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इसमें अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी प्रमुख होती है। भोजन में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इसे बनाने में स्वच्छता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पारंपरिक रूप से मिट्टी या पीतल के पात्रों में लकड़ी अथवा उपलों की आंच पर भोजन तैयार करने की परंपरा भी रही है। इस भोजन में स्वाद से अधिक महत्व उसकी सात्विकता का होता है। नहाय-खाय के अगले दिन खरना होता है। इस दिन व्रती महिलाएं पूरे नियम और श्रद्धा के साथ गुड़ का रसियाव और रोटी तैयार करती हैं। इसके लिए मिट्टी के नए चूल्हे का इस्तेमाल किया जाता है। शाम को केला और अन्य फलों के साथ छठी मैया को भोग लगाया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं और फिर परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों में वितरित करती हैं। खरना के प्रसाद को ग्रहण करने की परंपरा में सामूहिकता और आत्मीयता का भाव भी जुड़ा है। इसके बाद व्रत का कठिन निर्जला चरण शुरू होता है। लोकमान्यता है कि पूरी निष्ठा और नियम से यह व्रत करने पर छठी मैया परिवार को सुख-समृद्धि और संकटों से सुरक्षा प्रदान करती हैं। खरना के अगले दिन से ही घरों में महाप्रसाद बनाने की तैयारियां तेज हो जाती हैं। पूजा के लिए पुड़ी, ठेकुआ, खजूर और अन्य पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं। इनमें ठेकुआ का विशेष स्थान है। गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार होने वाला यह पकवान छठ की पहचान बन चुका है। कोई इसे पारंपरिक सांचे से फूलों की आकृति देता है तो कोई सूखे मेवों से सजाता है। गुड़ की मिठास और घी की सुगंध इसे खास बनाती है। ठेकुआ केवल प्रसाद नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक परंपरा का हिस्सा है। इसे बनाने में घर की महिलाएं और अन्य सदस्य मिलकर जुटते हैं। इस तरह प्रसाद तैयार करने की प्रक्रिया भी पर्व की सामूहिक खुशी का हिस्सा बन जाती है। छठ पूजा में फलों और मौसमी उपज का भी विशेष महत्व है। इनमें गन्ना सबसे प्रमुख है। पूजन के साथ कोसी भरने की परंपरा में खड़े गन्ने का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा नारियल, केला, नींबू, सुपारी, अमरूद, सिंघाड़ा, संतरा, मौसमी, पनियाला, सेब, सीताफल, अमरख, सुथनी, गंजी, आंवला और मूंगफली भी पूजा सामग्री में शामिल होते हैं। वहीं सब्जियों में कद्दू, अदरक, हल्दी और मूली का विशेष स्थान है। इन फलों और सब्जियों के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव भी प्रकट होता है। खेतों में उपजी फसल, मौसमी फल और पारंपरिक पकवान सूर्य की ऊर्जा तथा प्रकृति से मिले उपहारों के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम बनते हैं। यही छठ की विशिष्टता है, जहां पूजा की थाली में स्वाद, संस्कृति, प्रकृति और आस्था एक साथ सजते हैं।
स्वाद और परंपरा का अनोखा संगम, महाप्रसाद 'ठेकुआ' के बिना अधूरी है छठ पूजा
देश की सांस्कृतिक थाली में यदि कोई पर्व सबसे सात्विक, अनुशासित और आत्मिक माना जाए तो वह छठ है। यह सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि पवित्रता, संयम और कृतज्ञता का उत्सव है। सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित यह पर्व
NRI Post Hindi Desk · 9 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




