हाजीपुर के सीढ़ी घाट पर गंडक नदी में स्नान करने के दौरान दो बच्चे डूब गए, जिसमें से एक बच्चे को नाविकों ने सकुशल बचा लिया, जबकि दूसरा बच्चा अभी भी लापता है और उसकी तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार मस्जिद चौक स्थित उर्दू विद्यालय के पांच बच्चे गुरुवार की दोपहर अपना बैग स्कूल में ही छोड़कर सीढ़ी घाट पर गंडक नदी में नहाने निकल गए थे। घाट पर पहुंचकर जैसे ही बच्चे नदी में उतरे, दो बच्चे गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे। साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग घाट पर पहुंच गए। तेज धार में बहते बच्चों को कौशल्या घाट की ओर जाते देख लोग उधर दौड़े। कौशल्या घाट किनारे नाव लगाकर बैठे नाविक अरविंद सहनी, छठू सहनी और घमंडी सहनी तुरंत नाव लेकर बचाव के लिए निकले। बहते-बहते बच्चे कोनहारा घाट तक पहुंच गए थे। नाविकों ने एक बच्चे इरशाद को कोनहारा घाट के पास से सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा बच्चा रेहान उर्फ पाली डूब गया। नगर थाना क्षेत्र के मस्जिद चौक निवासी इरशाद पिता मोहम्मद इस्लाम, रहमान पिता हसनैन और रेहान उर्फ पाली पिता शाहिद सहित पांच बच्चे स्कूल से नहाने आए थे। सभी बच्चों की उम्र 10 से 12 वर्ष के बीच बताई गई है। डूबा हुआ बच्चा मस्जिद चौक निवासी शाहिद का 10 वर्षीय पुत्र रेहान उर्फ पाली बताया गया है। बचाए गए बच्चे इरशाद को घर भेज दिया गया है और उसकी हालत ठीक है। वहीं, डूबे हुए बच्चे के स्वजन गंडक नदी किनारे पहुंच गए और उनका रोते-रोते बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही मुहल्ले में कोहराम मच गया। साथी बच्चे रहमान ने बताया कि हम पांचों सीढ़ी घाट नहाने आए थे, इरशाद और पाली डूब गए, जिसमें इरशाद को बचा लिया गया, और करीब एक महीने से हम यहां नहाने आते थे। नाविक छठू सहनी और अरविंद सहनी ने बताया कि हम लोग घाट किनारे नाव लगाकर खाना खा रहे थे, तभी देखा कि बच्चे डूबते हुए जा रहे हैं, जिसके बाद तुरंत नाव की मशीन चालू कर कोनहारा घाट तक गए और एक बच्चे को बचा लाए। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ को जानकारी दी गई और पुलिस बल के साथ कौशल्या घाट पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली गई। सूचना पर एसडीआरएफ की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं और सीढ़ी घाट से कौशल्या घाट और कोनहारा घाट तक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, हालांकि गुरुवार शाम तक डूबे बच्चे का पता नहीं चल पाया था।
हाजीपुर में गंडक नदी में नहाते समय दो बच्चे डूबे, नाविकों ने एक को बचाया, दूसरे की तलाश जारी
हाजीपुर के सीढ़ी घाट पर गंडक नदी में स्नान करने के दौरान दो बच्चे डूब गए, जिसमें से एक बच्चे को नाविकों ने सकुशल बचा लिया, जबकि दूसरा बच्चा अभी भी लापता है और उसकी तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार
NRI Post Hindi Desk · 54 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





