|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

हैदराबाद में सांसद के बेटे की तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन ने ली युवती की जान, सामने आया भयावह वीडियो

हैदराबाद के इनऑर्बिट मॉल के पास तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। यह दुखद घटना 16 अगस्त को हुई, जिसमें आंध्र प्रदेश के राज्यसभा सांसद और

NRI Post Hindi Desk · 95 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
हैदराबाद में सांसद के बेटे की तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन ने ली युवती की जान, सामने आया भयावह वीडियो
📷 NRI Post Hindi Desk

हैदराबाद के इनऑर्बिट मॉल के पास तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। यह दुखद घटना 16 अगस्त को हुई, जिसमें आंध्र प्रदेश के राज्यसभा सांसद और जनसेना पार्टी के नेता लिंगामनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगामनेनी संजुश को पुलिस ने आरोपी बनाया है। हादसे के बाद का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें खून से लथपथ सड़क पर पड़ी महिला के पास उसकी सहकर्मी बुरी तरह से चीखती हुई मदद की गुहार लगा रही है। वीडियो में मौके पर मौजूद लोग कार के ड्राइवर को घेरकर खड़े हो जाते हैं तथा उसे भागने से रोकते हैं। विडियो में आरोपी ड्राइवर घायल महिला के पास आता हुआ भी दिखाई देता है, जिसके बाद लोगों की मदद से महिला को उसी कार में बैठाकर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान भारती मुखी के रूप में हुई है, जो ओडिशा की रहने वाली थी और इनऑर्बिट मॉल में स्थित एक लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। पुलिस शिकायत के अनुसार, भारती अपनी सहकर्मी पूजा अशोक के साथ लंच करने आईटीसी कोहिनूर इलाके में गई थीं। वापस मॉल लौटते समय जैसे ही भारती सड़क पार करने लगीं, तभी तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में भारती के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी मात्रा में खून बह गया। घायल महिला को हादसे में शामिल उसी कार से जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। साइबराबाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार को जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था। लाइफस्टाइल स्टोर के मैनेजर पांजाला अश्विन कुमार की शिकायत पर माधापुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मौत होने का मामला दर्ज किया है। वहीं, बालानगर जोन के डीसीपी रितिराज ने बताया कि आरोपी का ड्रग और शराब के नशे में वाहन चलाने का टेस्ट निगेटिव आया है, हालांकि आगे की जांच के लिए उसके खून का नमूना फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी भेजा गया है। डीसीपी ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के सवाल पर कहा कि इस मामले में पांच साल से कम की सजा का प्रावधान है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट के अर्नेश कुमार फैसले और भारतीय न्याय संहिता की धारा 35(1) में बताए गए सुरक्षा प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, मृतका भारती की मौसी ने बताया कि वह अपने परिवार की अकेली कमाने वाली सदस्य थीं। उन्होंने सरकार से भारती के परिवार की आर्थिक मदद की अपील की है, क्योंकि उनकी मृत्यु के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि भारती लंच ब्रेक के दौरान खाना लेने गईं थीं और लौटते समय यह हादसा हो गया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग तेज रफ्तार गाड़ियों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जता रहे हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस की नजर में है, लेकिन गिरफ्तारी से बचा हुआ है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!