|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

'हमने साथ निभाया, फिर भी साथ छोड़ गए', अखिलेश का जयंत पर बिना नाम लिए करारा हमला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए राष

NRI Post Hindi Desk · 100 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
'हमने साथ निभाया, फिर भी साथ छोड़ गए', अखिलेश का जयंत पर बिना नाम लिए करारा हमला
📷 NRI Post Hindi Desk

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए राष्ट्रीय लोकदल और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर तीखा तंज कसा। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए। अखिलेश यादव के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि यह बयान ऐसे समय में आया है जब जयंत चौधरी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय लोकदल ने समाजवादी पार्टी से दूरी बनाकर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का दामन थाम लिया है। गौरतलब है कि साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था, जिसके बाद दोनों दल साथ बने रहे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी का साथ छोड़कर भाजपा की ओर रुख कर लिया था। कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने महारानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने सहयोगी दलों और राजनीतिक साथियों का जिक्र करते हुए यह बात कही कि समाजवादी पार्टी ने अपने सहयोगियों को आगे बढ़ाने का काम किया, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग उनका साथ छोड़कर चले गए। अखिलेश यादव ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पीडीए आंदोलन को लेकर आगे बढ़ी और इसका फायदा पार्टी को मिला। उन्होंने लोधी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में समाज को जो सीट दी गई थी, उसे जीतकर पार्टी की झोली में डाल दिया गया। इसके अलावा उन्होंने बुंदेलखंड के चुनावी नतीजों का भी जिक्र किया और कहा कि एक समय बुंदेलखंड में समाजवादी पार्टी का खाता तक नहीं खुलता था, लेकिन लोकसभा चुनाव में पार्टी ऐसी सीट भी जीत गई, जिसके बारे में जीतने की उम्मीद नहीं की जाती थी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए में सभी लोगों को शामिल करके एक गुलदस्ता बनाया जाएगा और पीडीए की सरकार बनाने तथा सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को अपने साथ जोड़ेगी और सभी को सम्मान देगी। इस दौरान अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती के अवसर पर 16 अगस्त को सरकारी छुट्टी घोषित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!