अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में रविवार को एक निजी विमान के भीषण हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा पाम बीच काउंटी में उस समय हुआ जब लियरजेट विमान तेजी से नीचे आया और सड़क पर जा गिरा। हादसे की जगह सैकड़ों घरों से कुछ ही मीटर की दूरी पर थी, जिससे बड़ी तबाही टल गई। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था और हादसे से कुछ मिनट पहले तक विमान की को-पायलट 20 साल की नथालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास अपने करीबियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के संपर्क में थीं। उनके सौतेले पिता थियागो कॉर्टेलेटी ने बताया कि नथालिया ने दोपहर करीब 12:40 बजे अपने बॉयफ्रेंड को मैसेज किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि विमान में टर्बुलेंस है और उस पर बर्फ जम रही है। विमान का हादसा करीब 12:50 बजे हुआ। रेडियो ट्रांसमिशन से भी पता चला कि विमान के क्रू ने उड़ान के दौरान बर्फ जमने, टर्बुलेंस और बारिश की जानकारी दी थी। नथालिया ने शुरुआत में संघीय विमानन प्रशासन के कंट्रोलर्स को बताया था कि क्रू विमान पर बर्फ जमने की स्थिति को संभाल रहा है और मौसम बिगड़ने के साथ उन्होंने विमान को 37,000 फीट की ऊंचाई पर ले जाने की अनुमति मांगी थी, जिसे मंजूरी दे दी गई थी। हालांकि, इसके 30 सेकंड से भी कम समय बाद विमान के साथ बड़ा हादसा हो गया और दोपहर 12:48 बजे कॉकपिट से मेडे कॉल किया गया, जिसमें बताया गया कि विमान ओवरस्पीड की स्थिति में है और हर मिनट 20,000 फीट की रफ्तार से नीचे गिर रहा है। कॉकपिट के आखिरी पलों की रिकॉर्ड हुई बातचीत में विमान के कैप्टन 55 साल के जेफ ग्रेगरी प्रार्थना करते हुए 'लॉर्ड्स प्रेयर' पढ़ रहे थे, जबकि को-पायलट नथालिया चीखते हुए कहती हैं कि विमान जमीन से टकराने वाला है। रेडियो संपर्क टूटने से पहले नथालिया का आखिरी संदेश था, 'हे भगवान, हमारे पास वक्त नहीं बचा है।' इस हादसे में लियरजेट 60 में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें 44 साल के टेक कारोबारी और करोड़पति एडम रॉबिन्सन, उनकी 40 साल की पत्नी हेलेन शार्प, उनके चार साल की बेटी एमा और दो साल के बेटे चार्ली, बच्चों की नैनी अनिता मारिया सेटिना और परिवार के दो दोस्त राचेल रीड और चार्मी फेर शामिल थे। नथालिया ने नौ महीने तक कमर्शियल पायलट के तौर पर काम किया था और इस दौरान करीब 1,300 घंटे की उड़ान का अनुभव हासिल किया था। हादसे की जांच संघीय विमानन प्रशासन और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने शुरू कर दी है, जिसकी अगुवाई नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड कर रहा है।
'हमारे पास वक्त नहीं बचा': फ्लोरिडा में 9 लोगों की मौत से पहले पायलट की आखिरी चीख, टर्बुलेंस और बर्फ जमने की दी थी जानकारी
अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में रविवार को एक निजी विमान के भीषण हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा पाम बीच काउंटी में उस समय हुआ जब लियरजेट विमान तेजी से नीचे आया और सड
NRI Post Hindi Desk · 21 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


