हरियाणा पुलिस में लंबे समय से चल रही मैनपावर की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने चरणबद्ध भर्ती का रोडमैप तैयार किया है। पुलिस विभाग में खाली चल रहे सभी पदों को वर्ष 2030 तक भरने की तैयारी है। हरियाणा के पुलिस विभाग में कुल 78 हजार स्वीकृत पद हैं, जिनमें 25 से 30 प्रतिशत यानी 25 हजार के आसपास पद खाली हैं। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने स्वयं यह आंकड़ा इंटरनेट मीडिया पर साझा किया है और हरियाणा पुलिस में मैनपावर की कमी दूर करने के लिए सिलसिलेवार भर्ती कराने के संकेत दिए हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से फिलहाल करीब छह हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, जिनमें पुलिस विभाग के 5600 कांस्टेबल और वन विभाग के करीब 500 वन गार्ड शामिल हैं। कांस्टेबल की भर्ती के लिए शारीरिक माप परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि वन गार्डों की भर्ती की यह प्रक्रिया अभी संचालित है। वर्तमान में चल रही 5500 कांस्टेबलों की भर्ती का नोटिफिकेशन जनवरी में जारी किया गया था। पुलिस महानिदेशक के प्रस्तावित भर्ती रोडमैप के मुताबिक, अगले छह माह में दो बड़ी कांस्टेबल भर्तियां शुरू कराने की योजना पर बढ़ा जा रहा है। नवंबर 2026 में करीब चार हजार पुलिस जवानों की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। इसके बाद मार्च 2027 में फिर 5500 पुलिसकर्मियों की भर्ती निकाली जा सकती है। इन नई भर्तियों के प्रस्ताव हरियाणा सरकार के माध्यम से राज्य कर्मचारी चयन आयोग के पास पहुंचने के बाद ही भर्ती प्रक्रिया आरंभ होगी। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की योजना के अनुसार 2028 के बाद भी भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी। नवंबर 2026 और मार्च 2027 की प्रस्तावित भर्तियों के बाद वर्ष 2028 से 2030 के बीच बचे हुए रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा। प्रदेश सरकार की अगले दो वर्षों में करीब 15 हजार नए पुलिस जवान भर्ती करने की योजना है। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बताया कि सभी चरणों की भर्ती वर्ष 2030 तक पूरी करने का लक्ष्य है। इसके बाद पुलिस विभाग में मैनपावर की मौजूदा कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी। लगातार भर्ती होने से पुलिस बल की उपलब्धता बढ़ेगी और प्रदेश में कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में जवान उपलब्ध हो सकेंगे। यह खबर हरियाणा के उन युवाओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है जो खाकी पहनने का सपना देख रहे हैं।
हरियाणा पुलिस में 25 हजार भर्तियों का रोडमैप तैयार, अगले छह माह में दो बड़ी कांस्टेबल भर्तियां
हरियाणा पुलिस में लंबे समय से चल रही मैनपावर की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने चरणबद्ध भर्ती का रोडमैप तैयार किया है। पुलिस विभाग में खाली चल रहे सभी पदों को वर्ष 2030 तक भरने की तैयारी है। हरियाणा क
NRI Post Hindi Desk · 72 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




