|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

हरियाणा के रेवाड़ी में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, मां को फोन कर बोला- 'मुझे गोली मार दी'

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक ठीक कराने गए एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गोकलगढ़ गांव के बस स्टैंड के पास स्थित गरिमा बाइक रिपे

NRI Post Hindi Desk · 20 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
हरियाणा के रेवाड़ी में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, मां को फोन कर बोला- 'मुझे गोली मार दी'
📷 NRI Post Hindi Desk

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक ठीक कराने गए एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गोकलगढ़ गांव के बस स्टैंड के पास स्थित गरिमा बाइक रिपेयरिंग सेंटर की है, जहां मृतक मनोज अपनी बाइक ठीक कराने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक मनिंद्र, विशाल और महेश मौके पर आए और उन्होंने पहले आसपास की रेकी की, फिर मनिंद्र ने पिस्तौल निकालकर मनोज के पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तीनों हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मनोज ने हिम्मत नहीं हारी और खुद अपनी मां को फोन कर बताया कि उसे पेट में गोली मार दी गई है। इसके बाद उसने अपने दोस्त अभिषेक को भी फोन कर घटनास्थल पर बुलाया, जिसके बाद अभिषेक ने घायल मनोज को उपचार के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे विराट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गोकलगढ़ गांव निवासी मनोज के रूप में हुई है, जो करीब डेढ़ महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। बताया जा रहा है कि मनोज राहुल गोकलगढ़िया गैंग से जुड़ा था और अक्टूबर 2025 में गांव के भूरा की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था, जिसके चलते उसे जेल जाना पड़ा था। इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश और गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर रेवाड़ी के एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के पिता जसवंत सिंह की शिकायत पर मनिंद्र, विशाल और महेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों पर पहले से मारपीट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामलों में केस दर्ज हैं और तीनों घटना के बाद से फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पांच विशेष पुलिस टीमें गठित की हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। अब पुलिस के सामने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ हत्या के पीछे की असली वजह और संभावित गैंगवार के कनेक्शन का पता लगाने की चुनौती है।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!