|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
खेल

हादसे ने दिया लकवा, हौसले ने नहीं मानी हार; एशियन पैरा गेम्स में राम रतन ने डिस्कस थ्रो में जीता रजत

छाता तहसील के नरी गांव के पैरा एथलीट राम रतन सिंह ने जापान के नागोया (आईची प्रांत) में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स में डिस्कस थ्रो में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत

NRI Post Hindi Desk · 34 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
हादसे ने दिया लकवा, हौसले ने नहीं मानी हार; एशियन पैरा गेम्स में राम रतन ने डिस्कस थ्रो में जीता रजत
📷 NRI Post Hindi Desk

छाता तहसील के नरी गांव के पैरा एथलीट राम रतन सिंह ने जापान के नागोया (आईची प्रांत) में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स में डिस्कस थ्रो में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीता है। उनकी इस उपलब्धि से खेल जगत में जश्न का माहौल है और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गर्व से ऊंचा हुआ है। राम रतन सिंह पहले राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती और कबड्डी में पदक जीतकर अखाड़ों और मैदानों में विरोधियों के पसीने छुड़ाते थे, और विज्ञान में स्नातक करने तथा बीपीएड कर खेल शिक्षक बनने का सपना संजोए थे। लेकिन साल 2017 में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी, जिसमें सर्वाइकल स्पाइन में गंभीर चोट आने से वह क्वाड्रिप्लेजिया के शिकार हो गए और उनके गर्दन के नीचे का पूरा शरीर लकवाग्रस्त हो गया। शरीर ने काम करना बंद कर दिया था, लेकिन उनके हौसलों ने हार नहीं मानी और साल 2018 में एक मित्र की प्रेरणा से उन्होंने एफ-51 श्रेणी में पैरा खेलों की दुनिया में कदम रखा। उंगलियों और हथेलियों पर गोंद लगाकर क्लब और डिस्कस थामने वाले राम रतन ने 2019 से पदकों की झड़ी लगानी शुरू कर दी और हाल ही में 26 से 28 मई तक बेंगलुरु के कांतिरावा स्टेडियम में आयोजित आठवीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में 12.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीता था। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया ने उनका चयन जापान में हुए एशियन पैरा गेम्स के लिए किया था, जहां उन्होंने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए रजत पदक जीतकर तिरंगा लहरा दिया। जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की सचिव कुसुम लता ने इस एतिहासिक उपलब्धि की जानकारी साझा की, जबकि जिला पैरा स्पोर्ट्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सुनीता पाठक ने बताया कि भारत वापसी पर रामरतन का भव्य स्वागत किया जाएगा और उनके सम्मान में शहर भर में होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। यूपी पैरा एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल, पैरा पावरलिफ्टिंग इंडिया टीम के मुख्य कोच जेपी सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी आजाद सिंह, ओलंपिक संघ के सचिव महेंद्र सिंह राजपूत, जिला फुटबाल संघ के सचिव डॉ. दलवीर सिंह कौंतेय, छत्रपाल सहित खेल संघों के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है और उनकी इस जीत को मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है, इस कहावत का सच्चा चरितार्थ बताया है।

🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!