यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दो सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले करने का दावा किया है। हूती के मुताबिक, रविवार (25 अक्टूबर) को तीन अलग-अलग सैन्य अभियानों के तहत दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। हूती के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने बताया कि यमन की सशस्त्र सेनाओं ने दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल करते हुए तीन सैन्य अभियान चलाए और इन अभियानों में निर्धारित ठिकानों पर सफलतापूर्वक हमले किए गए। पहले सैन्य अभियान में सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया और दावा किया गया कि मिसाइल हमला सफल रहा तथा निर्धारित लक्ष्य को भेद दिया गया। दूसरे सैन्य अभियान में दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के खमीस मुशैत स्थित किंग खालिद एयरबेस को निशाना बनाने का दावा किया गया, जहां लड़ाकू विमानों के हैंगर, गोला-बारूद के भंडार, ड्रोन कंट्रोल सेंटर और एयरबेस के कई अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर सटीक और सीधे हमले किए गए। तीसरे ऑपरेशन में यमन की सीमा के नजदीक सऊदी अरब के जिजान इलाके में स्थित बॉर्डर गार्ड फोर्स के दक्षिणी नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया गया, जिसमें सऊदी अरब के कई सैनिक और अधिकारी मारे गए या घायल हुए। बता दें कि दो हफ्ते पहले हुए हमले के कारण रियाद एयरपोर्ट को आंशिक तौर पर 25 अक्टूबर को ही खोले जाने का ऐलान किया गया था और सुरक्षा चिंताओं के बीच किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आंशिक परिचालन की घोषणा हुई थी। फिलहाल यहां से घरेलू उड़ानों के साथ राष्ट्रीय एयरलाइंस की कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन किया जा रहा है, जबकि रियाद एयरपोर्ट से सामान्य रूप से संचालित होने वाली सीमित संख्या में कुछ उड़ानों को कासिम स्थित प्रिंस नाइफ बिन अब्दुलअजीज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित किया जा रहा है। अमेरिकी दूतावास के अनुसार जेद्दा के किंग अब्दुलअजीज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन जारी है, हालांकि कुछ उड़ानों में देरी हो रही है और कुछ को रद्द किया गया है, वहीं दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी परिचालन जारी है, लेकिन यहां भी कुछ उड़ानों में देरी और रद्द होने की समस्या बनी हुई है।
हूतियों ने रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट समेत तीन सैन्य ठिकानों पर दागीं दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें
यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दो सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले करने का दावा किया है। हूती के मुताबिक, रविवार (25 अक्टूबर) को तीन अलग-अलग सैन्य
NRI Post Hindi Desk · 30 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


