|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

होर्मुज में चुंबक बम से हमला, 29 भारतीय नाविक सुरक्षित

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री जहाजों पर हमलों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। 30 अक्टूबर को 27 भारतीय नाविकों को लेकर जा रहे पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी लुईस वन पर लिंपेट माइंस यानी चुंबक बम से

NRI Post Hindi Desk · 25 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
होर्मुज में चुंबक बम से हमला, 29 भारतीय नाविक सुरक्षित
📷 NRI Post Hindi Desk

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री जहाजों पर हमलों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। 30 अक्टूबर को 27 भारतीय नाविकों को लेकर जा रहे पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी लुईस वन पर लिंपेट माइंस यानी चुंबक बम से हमला किया गया। धमाके के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और टैंकर कुछ समय के लिए काम करना बंद कर गया। हालांकि, जहाज पर सवार सभी 27 भारतीय क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसकी पुष्टि की है। समुद्री सुरक्षा से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया कि फरवरी में अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज में चुंबक विस्फोट के इस्तेमाल से किया गया यह पहला सफल हमला है। हमले में एक छोटी नाव टैंकर के पास पहुंची और उसके बाहरी हिस्से पर दो लिंपेट माइंस चिपकाकर वहां से निकल गई, जिसके बाद जहाज में आग लग गई। क्रू मेंबर्स ने आग पर काबू पा लिया और घटना में किसी के घायल होने या समुद्र में तेल फैलने की जानकारी नहीं है। आग बुझने के बाद टैंकर ने फिर से अपना सफर शुरू कर दिया। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि 29 अक्टूबर को लाइबेरिया के झंडे वाले बड़े तेल टैंकर एमटी अर्जाना पर भी होर्मुज में प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया था, जिस पर दो भारतीय नागरिक सवार थे। इस तरह दोनों जहाजों पर कुल 29 भारतीय नागरिक मौजूद थे और सभी सुरक्षित हैं। सोनोवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर रख रही है और जहाजों का प्रबंधन करने वाली कंपनियों के साथ संपर्क बनाए रखा जा रहा है, ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनके हालात का ध्यान रखा जा सके। ब्रिटिश नौसेना से जुड़ी एजेंसी यूकेएमटीओ के मुताबिक, गुरुवार को यह घटना ओमान के खासाब शहर से करीब 25 समुद्री मील यानी लगभग 46 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में हुई। एजेंसी ने अपनी शुरुआती एडवाइजरी में जहाज का नाम नहीं बताया था, लेकिन समुद्री सुरक्षा से जुड़े तीन सूत्रों ने बताया कि हमला एमटी लुईस वन पर हुआ और जहाज के बाहरी हिस्से पर लिंपेट माइंस लगाई गई थीं। सूत्रों के मुताबिक, सितंबर में भी इसी तरह का हमला करने की कोशिश हुई थी, लेकिन उस समय विस्फोटक नहीं फटे थे और गुरुवार के हमले के पीछे किसका हाथ है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। लिंपेट माइंस छोटे आकार के विस्फोटक उपकरण होते हैं, जिन्हें चुंबक की मदद से जहाज के बाहरी हिस्से पर चिपकाया जा सकता है। समुद्री सुरक्षा कंपनी मारिस्क्स के मुताबिक, इस क्षेत्र में 2017 से इनका इस्तेमाल किया जा रहा है और ये विस्फोटक अपेक्षाकृत सस्ते और आसानी से उपलब्ध होते हैं। छोटी नाव के जरिए इन्हें किसी चलते हुए जहाज पर लगाकर हमलावर आसानी से वहां से निकल सकते हैं।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!