अगर आपकी बेटी 11 से 12 साल की हो गई है और उसके पीरियड्स आना शुरू हो गए हैं, लेकिन वे समय पर नहीं आ रहे हैं, या फिर उसके चेहरे पर ज्यादा बाल आ रहे हैं और मुंहासे होने लगे हैं, तो यह पीसीओएस की बीमारी हो सकती है। एम्स दिल्ली के डॉक्टरों का कहना है कि अब किशोरावस्था यानी 11 से 19 साल की लड़कियों को भी पीसीओएस हो रहा है और इस उम्र की 3 से 8 फीसदी लड़कियों में यह समस्या देखी जा रही है। यह बीमारी पहले 20 से 30 साल की उम्र की लड़कियों में ज्यादा देखी जाती थी, लेकिन अब कम उम्र की लड़कियों में भी यह तेजी से बढ़ रही है। दिल्ली एम्स में प्रोफेसर डॉ रीमा दादा ने बताया है कि खराब खानपान, बिगड़ा हुआ लाइफस्टाइल, मानसिक तनाव, एक्सरसाइज न करना और परिवार में पीसीओएस की हिस्ट्री इसकी मुख्य वजहें हैं। पीसीओएस की समस्या में ओवरी में एंड्रोजन यानी पुरुष हार्मोन ज्यादा बनता है, जिसका असर पीरियड, स्किन, बाल और ओव्यूलेशन पर दिखाई दे सकता है। चिंता की बात यह है कि कई मामलों में प्यूबर्टी के सामान्य बदलाव और पीसीओएस के लक्षण एक जैसे दिख सकते हैं, जिससे इसे समझना मुश्किल हो जाता है, इसलिए माता-पिता को जागरूक होना जरूरी है। डॉ. रीमा दादा बताती हैं कि आम तौर पर यह माना जाता है कि पीरियड्स समय पर नहीं आ रहे हैं तो यह पीसीओएस है, लेकिन यह जरूरी नहीं है, क्योंकि इसके अलावा कुछ और लक्षणों पर भी ध्यान देने की जरूरत होती है। चेहरे, छाती, पेट या पीठ पर ज्यादा मोटे बाल आना, लगातार या बहुत ज्यादा मुंहासे और वजन बढ़ना जैसे लक्षण भी होने चाहिए। अगर किसी बच्ची की उम्र 10 से 12 साल हो गई है और उसमें ये लक्षण दिख रहे हैं, तो उसे पीसीओएस मानकर इलाज कराना चाहिए और डॉक्टरों से सलाह लेनी चाहिए। दिल्ली एम्स में पीडियाट्रिक विभाग की प्रोफेसर डॉ. रजनी शर्मा ने बताया है कि पीसीओएस का असर ओवरी तक सीमित नहीं रहता है, इसलिए इसके मामले में केवल गायनेकोलॉजी की डॉक्टर की नहीं, बल्कि पीडियाट्रिक, न्यूट्रीनिस्ट और कुछ मामलों में मानसिक रोग विशेषज्ञ की भी जरूरत पड़ सकती है। इस बात का भी ध्यान रखें कि इस समस्या को समय पर समझें और इलाज कराएं, नहीं तो यह आगे चलकर हार्ट डिजीज से लेकर स्ट्रोक तक का कारण बन सकती है। डॉ रीमा दादा ने बताया कि एम्स में हुई रिसर्च बताती है कि योग से पीसीओएस को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है और यहां कई महिलाओं में योग के सहारे इस बीमारी को काबू में किया गया है। माता-पिता को सलाह है कि अगर उनकी बच्ची या परिवार में किसी लड़की को पीसीओएस की समस्या है, तो योग का सहारा लें, जिससे बिलकुल फायदा मिलेगा। इसलिए माता-पिता को चाहिए कि वे पीरियड समय पर न आना, चेहरे पर पुरुषों की तरह बाल आना, चेहरे पर बहुत अधिक मुंहासे और वजन तेजी से बढ़ना जैसे लक्षणों पर जरूर नजर रखें और समय पर डॉक्टर से सलाह लें।
11 से 12 साल की लड़कियों में तेजी से बढ़ रहा पीसीओएस, एम्स दिल्ली ने बताया बड़ा खतरा
अगर आपकी बेटी 11 से 12 साल की हो गई है और उसके पीरियड्स आना शुरू हो गए हैं, लेकिन वे समय पर नहीं आ रहे हैं, या फिर उसके चेहरे पर ज्यादा बाल आ रहे हैं और मुंहासे होने लगे हैं, तो यह पीसीओएस की बीमारी ह
NRI Post Hindi Desk · 63 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




