जिस उम्र की बातें आमतौर पर किसी को याद नहीं रहतीं, एक 16 साल के लड़के का दावा है कि उसे उन्हें भी याद करने की क्षमता हासिल है। उसने बताया कि उसे करीब 3 महीने की उम्र से जुड़ी कुछ यादें तक हैं। इतना ही नहीं, कोई गाना, खुशबू या छोटा सा वाक्य उसकी सालों पुरानी यादों को अचानक वापस ला सकता है। वैज्ञानिकों ने जब इस लड़के की याददाश्त की जांच की, तो अपनी जिंदगी की घटनाएं याद करने के मामले में उसकी क्षमता सामान्य आबादी के 99.9 फीसदी से ज्यादा लोगों से बेहतर पाई गई। पहचान छिपाने के लिए रिसर्चर्स ने इस लड़के को केसीएल नाम दिया है। उसके मामले को हाइली सुपीरियर ऑटोबायोग्राफिकल मेमोरी यानी एचएसएएम के तौर पर दर्ज किया गया है। यह एक बेहद दुर्लभ स्थिति है, जिसमें व्यक्ति अपनी जिंदगी में हुई घटनाओं को लंबे समय बाद भी बहुत बारीकी से याद कर सकता है। इस केस की स्टडी जर्नल कॉरटेक्स में छपी है। केसीएल ने फरवरी 2025 में कॉग्निटिव रिसर्चर क्रिस्टियन बार्जिकोव्स्की से संपर्क किया था। उसने बताया कि उसे बचपन की कई घटनाएं साफ तौर पर याद हैं। 2010 और 2011 की कुछ शुरुआती यादों के बारे में उसके माता-पिता ने भी जानकारी की पुष्टि की। हालांकि करीब 3 महीने की उम्र की यादों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना मुश्किल है। केसीएल के मुताबिक, अगस्त 2022 के बाद बीते करीब आधे दिनों की घटनाएं उसे काफी बारीकी से याद रहती हैं। खास बात यह है कि इन यादों को सामने लाने के लिए उसे हमेशा जानबूझकर कोशिश नहीं करनी पड़ती। कई बार रोजमर्रा की छोटी-सी चीज उसके दिमाग में पुरानी घटना की याद ले आती है। रिसर्चर्स ने पाया कि केसीएल के मामले में अपनी जिंदगी से जुड़ी यादें बिना किसी कोशिश के भी ज्यादा बार सामने आती हैं। किसी गंध, गाने, शब्द या वाक्य से जुड़ा कोई छोटा सा संकेत उसे अचानक पुरानी घटना याद दिला सकता है। इसे इनवॉलंटरी ऑटोबायोग्राफिकल मेमोरी कहा जाता है। इसी क्षमता को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने केसीएल का कंप्यूटर टेस्ट किया। उसे स्क्रीन पर दिखने वाले पैटर्न पर ध्यान देना था और बीच-बीच में बताया जाता था कि उस समय उसके दिमाग में क्या चल रहा था। टेस्ट में केसीएल के अचानक आने वाले विचारों में करीब 87 फीसदी उसकी अपनी पुरानी यादों से जुड़े थे। सामान्य लोगों के उपलब्ध तुलना वाले डेटा में यह आंकड़ा करीब 39 फीसदी था। यानी टेस्ट के दौरान केसीएल का दिमाग सामान्य लोगों की तुलना में ज्यादा बार अपने पुराने अनुभवों की तरफ जा रहा था। रिसर्च में केसीएल की अटेंशन, वर्किंग मेमोरी और एग्जीक्यूटिव फंक्शनिंग सामान्य स्तर पर पाई गई। भविष्य को लेकर अचानक आने वाले विचारों की फ्रीक्वेंसी भी सामान्य थी। यानी एचएसएएम का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति हर चीज को बाकी लोगों से बेहतर याद रखता है। इस मामले में खास अंतर अपनी जिंदगी से जुड़ी घटनाओं को याद करने और उन यादों तक जल्दी पहुंच पाने में दिखाई देता है। एचएसएएम के मामले बेहद दुर्लभ हैं। इसका पहला आधिकारिक केस 2006 में सामने आया था। इसके बाद ऐसे और मामले दर्ज किए गए, लेकिन ज्यादातर रिसर्च में लोगों की जानबूझकर पुरानी यादें याद करने की क्षमता पर ध्यान दिया गया। केसीएल के केस में वैज्ञानिकों ने खास तौर पर यह देखा कि पुरानी यादें अपने आप कितनी बार सामने आती हैं। रिसर्चर्स के मुताबिक, यह मामला इस बात की ओर इशारा करता है कि एचएसएएम सिर्फ ज्यादा मेमोरी रखने का मामला नहीं है, बल्कि दिमाग में पुरानी ऑटोबायोग्राफिकल यादों तक पहुंचने का तरीका भी अलग हो सकता है। हालांकि यह सिर्फ एक व्यक्ति पर आधारित केस स्टडी है, इसलिए यह जानने के लिए आगे और लोगों पर रिसर्च करनी होगी कि क्या यही पैटर्न दूसरे एचएसएएम मामलों में भी देखने को मिलता है।
16 साल के लड़के की याददाश्त ने वैज्ञानिकों को चौंकाया, 3 महीने की उम्र तक की घटनाएं याद
जिस उम्र की बातें आमतौर पर किसी को याद नहीं रहतीं, एक 16 साल के लड़के का दावा है कि उसे उन्हें भी याद करने की क्षमता हासिल है। उसने बताया कि उसे करीब 3 महीने की उम्र से जुड़ी कुछ यादें तक हैं। इतना ही
NRI Post Hindi Desk · 59 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





