|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

19 करोड़ की फेंसिंग बेकार! पीलीभीत टाइगर रिजर्व से बाहर आ रहे बाघ और तेंदुए, वन्यजीव-मानव संघर्ष का खतरा बढ़ा

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में करीब चार वर्ष पहले 19 करोड़ रुपये की लागत से 67 किलोमीटर क्षेत्र में नौ फीट ऊंची तार लिंक फेंसिंग लगाई गई थी। इस फेंसिंग का मुख्य उद्देश्य वन्यजीवों को जंगल से बाहर आने से रोक

NRI Post Hindi Desk · 64 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
19 करोड़ की फेंसिंग बेकार! पीलीभीत टाइगर रिजर्व से बाहर आ रहे बाघ और तेंदुए, वन्यजीव-मानव संघर्ष का खतरा बढ़ा
📷 NRI Post Hindi Desk

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में करीब चार वर्ष पहले 19 करोड़ रुपये की लागत से 67 किलोमीटर क्षेत्र में नौ फीट ऊंची तार लिंक फेंसिंग लगाई गई थी। इस फेंसिंग का मुख्य उद्देश्य वन्यजीवों को जंगल से बाहर आने से रोकना और वन्यजीव-मानव संघर्ष को टालना था। परियोजना के तहत सर्वाधिक फेंसिंग माला रेंज में 32 किलोमीटर तक कराई गई थी, जबकि महोफ रेंज में 24.5 किलोमीटर और बाराही रेंज में 10.5 किलोमीटर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया था। निर्माण के समय उम्मीद जताई गई थी कि इससे वन्यजीवों का आबादी की तरफ आना बंद हो जाएगा और शुरुआत में इस फेंसिंग का लाभ भी दिखा था। लेकिन समय बीतने के साथ उचित रखरखाव में ढिलाई बरती गई और जंगली जानवरों के मूवमेंट के कारण फेंसिंग कई जगह से टूट गई है। अब टाइगर रिजर्व में करीब 20 से ज्यादा स्थानों पर फेंसिंग गलकर टूटने लगी है, जिससे तार और पोल उखड़ चुके हैं और जंगल तथा आबादी के बीच बनी यह अहम दीवार अब हट गई है। इससे वन्यजीव आसानी से जंगल से निकलकर आसपास के गांवों में पहुंच जाते हैं और धीरे-धीरे अन्य स्थानों पर भी फेंसिंग टूटने का अंदेशा बना हुआ है। वन अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि दोबारा फेंसिंग नहीं लगाई जा सकती, क्योंकि पिछले वर्ष सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। कोर्ट ने तर्क दिया था कि वन्यजीवों को स्वतंत्र विचरण से रोका नहीं जा सकता। फेंसिंग टूटने और नई फेंसिंग न लग पाने के कारण जंगल के आसपास के गांवों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने का डर गहरा गया है। इसके चलते बाघ और तेंदुए जैसे वन्यजीवों के जंगल से निकलकर सीधे रिहायशी इलाकों और किसानों के खेतों तक पहुंचने का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। फेंसिंग टूटने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, हालांकि वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मरम्मत का कार्य चल रहा है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार जंगल के बाहरी इलाके को वन्यजीव गलियारे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है और क्षतिग्रस्त फेंसिंग से उनका बाहर आना तो आसान है, लेकिन वे आसानी से अंदर प्रवेश नहीं कर पाते, जिसके नतीजे में कई बार संघर्ष की परिस्थितियां बन जाती हैं। बीते वर्ष शहर से सटे बनकटी क्षेत्र में भी एक बाघिन ऐसी ही क्षतिग्रस्त फेंसिंग के सहारे बाहर आई थी और एक माह से अधिक समय तक आबादी के बीच बनी रही, जिस दौरान उसने दो लोगों को निवाला बनाने के साथ दो अन्य लोगों को गंभीर रूप से घायल भी किया था। जिले में लगातार प्रवासी हाथियों की आमद बनी हुई है और हाथियों की चहलकदमी के कारण काफी फेंसिंग क्षतिग्रस्त होती रही है। डीएफओ मनीष सिंह के अनुसार सभी का रखरखाव कराया जा रहा है और शेष बची फेंसिंग को लेकर भी जल्द ही दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!