झारखंड में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच एक बड़ी सफलता मिली है। झारखंड का इकलौता एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर उर्फ मनोज उर्फ दीपक उर्फ राकेश ने गुरुवार को कोलकाता एसटीएफ के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उसके विरुद्ध ओडिशा सरकार ने भी एक करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम रखा था, यानी कुल मिलाकर उस पर दो करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम था। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के उत्तर फुलचुक का रहने वाला था और माओवादियों के लिए कुख्यात क्षेत्र सारंडा में सर्वाधिक सक्रिय था। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 55 से अधिक आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आई है, जिनमें सुरक्षा बलों पर हमले और विस्फोट की घटनाएं शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार असीम मंडल के दस्ते ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के तुंबाहाका व जरायकेला में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाया था। एक मार्च 2026 को चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारांगपोंगा में उसके दस्ते से हुई मुठभेड़ में 209 कोबरा बटालियन के सहायक समादेष्टा सहित दो सुरक्षा बल जख्मी हो गए थे। इसी तरह 12 अप्रैल 2025 को जरायकेला थाना क्षेत्र के राधापोरा में झारखंड जगुआर का एक जवान शहीद हो गया था। चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के तुंबाहाका में 11 जनवरी 2023 को 209 कोबरा बटालियन के नौ सुरक्षा बल जख्मी हो गए थे, जहां मुठभेड़ व आइईडी विस्फोट हुआ था। असीम मंडल के दस्ते के हमले में 31 मार्च 2020 को चाईबासा के कराईकेला थाना क्षेत्र के जोन्वा में एक जवान शहीद हो गया था, जबकि एक जुलाई 2018 में पूर्वी सिंहभूम के एमजीएम थाना क्षेत्र के झाटी पहाड़ी पर इसके दस्ते के हमले में भी एक जवान शहीद हुआ था। राज्य में केंद्रीय बलों व झारखंड पुलिस के चल रहे माओवादी विरोधी अभियान की बदौलत माओवादी अपनी जान बचाने के लिए पड़ोसी राज्यों में भाग रहे हैं और झारखंड लगभग पूरी तरह माओवादियों से खाली हो चुका है। पिछले दिनों पश्चिम बंगाल के ही बांकुड़ा जिले में असीम मंडल के दस्ते के तीन कुख्यात माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया था, जिनमें 15 लाख का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य राम प्रसाद मार्डी, उसकी पत्नी जोनल कमांडर सह दस लाख की इनामी मीता उर्फ नयनतारा व एक अन्य सदस्य गौरी शामिल थीं। अब असीम मंडल के भी पुलिस के सामने आने के बाद झारखंड पुलिस के अधिकारियों की एक टीम कोलकाता जाएगी, जहां असीम मंडल से पूछताछ करेगी। उससे उसके अन्य बचे हुए साथियों, हथियारों आदि की जानकारी जुटाई जाएगी। माना जा रहा है कि इस आत्मसमर्पण से क्षेत्र में शेष बचे माओवादी नेटवर्क और उसके संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकते हैं।
2.20 करोड़ के इनामी माओवादी असीम मंडल ने कोलकाता एसटीएफ के सामने किया आत्मसमर्पण
झारखंड में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच एक बड़ी सफलता मिली है। झारखंड का इकलौता एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर उर्फ मनोज उर्फ दीपक उर्फ राकेश ने
NRI Post Hindi Desk · 68 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




