आसमान में उड़ते विमान में बैठे यात्री अपनी जिंदगी पायलट और क्रू के भरोसे छोड़ देते हैं, लेकिन कई बार सफर के दौरान ऐसे हालात बन जाते हैं, जहां पायलट को सिर्फ विमान नहीं, बल्कि उसमें बैठे हर शख्स की जान बचाने की जिम्मेदारी उठानी पड़ती है। हाल ही में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार के सामने भी ऐसा ही मुश्किल वक्त आया, जब दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में उनके को-पायलट ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए और इसी दौरान विमान अचानक नीचे जाने लगा, कुछ ही सेकंड में विमान करीब 14 हजार फीट नीचे चला गया। ऐसे वक्त में एक तरफ कॉकपिट में घायल पड़ा पायलट था, दूसरी तरफ हमलावर और तीसरी तरफ सैकड़ों यात्रियों से भरा विमान, जो तेजी से नीचे जा रहा था। इसके बावजूद स्मित ने हिम्मत नहीं हारी, हमलावर का मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे केबिन क्रू और यात्रियों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला। विमान में मौजूद अन्य प्रशिक्षित पायलटों ने इसके बाद विमान को संभालने में मदद की और फ्लाइट की सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जिससे विमान में सवार सभी 174 लोगों की जान बच गई। इस घटना ने करीब 40 साल पुरानी एक और कहानी याद दिला दी, जब पांच सितंबर 1986 को पैन एम फ्लाइट 73 कराची एयरपोर्ट पर खड़ी थी और चार हथियारबंद आतंकियों ने विमान को हाईजैक कर लिया था। नीरजा भनोट उस फ्लाइट की सीनियर फ्लाइट अटेंडेंट थीं और करीब 17 घंटे चले इस खौफनाक घटना में उन्होंने यात्रियों को बचाने के लिए लगातार जोखिम उठाया। नीरजा ने सबसे पहले कॉकपिट क्रू को खतरे की जानकारी दी, जिससे पायलट विमान से निकलने में सफल रहे और आतंकी विमान को उड़ाकर कहीं और ले जाने में असमर्थ हो गए। आतंकियों ने यात्रियों के पासपोर्ट इकट्ठा करने का आदेश दिया था, लेकिन नीरजा और उनके साथियों ने कई अमेरिकी यात्रियों के पासपोर्ट छिपा दिए। आखिरकार जब आतंकियों ने गोलीबारी शुरू की, नीरजा ने इमरजेंसी एग्जिट खोलकर यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की और तीन बच्चों को गोलियों से बचाते हुए खुद अपनी जान गंवा दी। नीरजा को उनकी बहादुरी के लिए मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया और 1987 में वह यह सम्मान पाने वाली सबसे कम उम्र की और पहली महिला बनीं। यानी 40 साल के फासले पर दो भारतीय, दो विमान और दो भयावह संकट, जहां परिस्थितियां अलग थीं, खतरा अलग था और दोनों की भूमिकाएं भी अलग थीं, लेकिन जब सैकड़ों जिंदगियों का सवाल आया, तो दोनों ने खुद को बचाने से पहले यात्रियों को बचाने के बारे में सोचा।
40 साल के फासले पर दो भारतीय: जान बचाने की दो अविस्मरणीय कहानियां
आसमान में उड़ते विमान में बैठे यात्री अपनी जिंदगी पायलट और क्रू के भरोसे छोड़ देते हैं, लेकिन कई बार सफर के दौरान ऐसे हालात बन जाते हैं, जहां पायलट को सिर्फ विमान नहीं, बल्कि उसमें बैठे हर शख्स की जान
NRI Post Hindi Desk · 54 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




