विमानन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी स्पाइसजेट इन दिनों गंभीर संकट से जूझ रही है। कंपनी की उड़ानें यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं, क्योंकि इनमें देरी और कैंसिलेशन के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि स्पाइसजेट की फ्लाइट बुक करने वाले यात्री घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करने के बाद अपने घर लौटने को मजबूर हो रहे हैं। एयरलाइन के हालात ऑपरेशनल चुनौतियों के चलते दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं और सवाल उठने लगे हैं कि क्या कंपनी के पास संचालन के लिए पैसे नहीं बचे हैं और क्या यह कंपनी बंद होने की कगार पर पहुंच गई है। इन्हीं हालातों के बीच स्पाइसजेट बोर्ड ने स्थिति में सुधार के लिए बड़ा कदम उठाया है और अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए 5500 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। बता दें कि ऑपरेशनल चुनौतियों से जूझ रही स्पाइसजेट का शेयर पांच दिनों से लगातार चढ़ रहा है और अपर सर्किट हिट कर रहा है, इस दौरान इसके शेयर का भाव 27 फीसदी बढ़कर 9.97 रुपये हो गया है। स्पाइसजेट के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने बुधवार को एक या अधिक तरीकों से 5500 करोड़ रुपये तक की राशि जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जो एयरलाइन की खराब वित्तीय स्थिति को मजबूत करने, संचालन क्षमता को फिर से बढ़ाने और कंपनी को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रस्तावित फंड राइजिंग की प्रक्रिया इक्विटी और अन्य माध्यमों के जरिए की जा सकती है। इसके साथ ही बोर्ड ने अधिकृत शेयर पूंजी को 2000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7500 करोड़ रुपये करने को भी मंजूरी दी है और एयरलाइंस मैनेजमेंट को संभावित निवेशकों से निवेश प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। स्पाइसजेट पर संकट आने की वजहों की बात करें तो कंपनी आर्थिक दबाव में है और यह रोजमर्रा के ऑपरेशन पर असर डाल रहा है, एयरलाइन को कैश एंड कैरी व्यवस्था के तहत काम करने को मजबूर होना पड़ रहा है, यानी एयरपोर्ट सर्विस लेने से पहले उसे तमाम भुगतान करने पड़ रहे हैं। वित्तीय स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कर्मचारियों की सैलरी में देरी हो रही है, क्रू की कमी बढ़ रही है और बड़ी संख्या में विमान ग्राउंडेड हैं, साथ ही एयरलाइन पर कई एयरपोर्ट अथॉरिटीज का बकाया है जिनकी ओर से स्पाइसजेट ऑपरेशन पर पाबंदियां लगी हैं। कंपनी की आर्थिक स्थिति देखें तो सितंबर 2025 को समाप्त तिमाही में कंपनी को 621 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था, जबकि इससे एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 458 करोड़ रुपये था। कंपनी के रेवेन्यू की बात करें तो यह सालाना आधार पर 13.4 फीसदी घटकर 792 करोड़ रुपये रह गया, जो पहले 915 करोड़ रुपये था। स्पाइसजेट के ग्राउंडेड विमानों पर 120 करोड़ रुपये और उन्हें दोबारा ऑपरेशन में लाने पर 30 करोड़ रुपये का खर्च दर्ज किया गया था।
5 दिन से शेयर में अपर सर्किट, संकट से जूझ रही स्पाइसजेट ₹5500 करोड़ जुटाएगी
विमानन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी स्पाइसजेट इन दिनों गंभीर संकट से जूझ रही है। कंपनी की उड़ानें यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं, क्योंकि इनमें देरी और कैंसिलेशन के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं
NRI Post Hindi Desk · 6 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



