|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

NRI से प्रॉपर्टी खरीदना होगा आसान, 1 अक्टूबर से बदल जाएगा टीडीएस का नियम

एनआरआई से प्रॉपर्टी खरीदने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। दरअसल, आमतौर पर किसी एनआरआई से प्रॉपर्टी खरीदने पर सामान्य प्रॉपर्टी सौदे की तुलना में ज्यादा कागजी कार्रवाई करनी पड़ती है

NRI Post Hindi Desk · 60 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
NRI से प्रॉपर्टी खरीदना होगा आसान, 1 अक्टूबर से बदल जाएगा टीडीएस का नियम
📷 NRI Post Hindi Desk

एनआरआई से प्रॉपर्टी खरीदने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। दरअसल, आमतौर पर किसी एनआरआई से प्रॉपर्टी खरीदने पर सामान्य प्रॉपर्टी सौदे की तुलना में ज्यादा कागजी कार्रवाई करनी पड़ती है, लेकिन अब इसमें बदलाव होने जा रहा है। इनकम टैक्स विभाग एनआरआई से प्रॉपर्टी खरीदने वाले लोगों के लिए टीडीएस की प्रक्रिया को आसान करने जा रहा है। इसके तहत 1 अक्टूबर 2026 से अगर कोई भारतीय नागरिक या हिंदू अविभाजित परिवार किसी एनआरआई से जमीन, मकान या दूसरी अचल संपत्ति खरीदता है, तो उसे टीडीएस काटने के लिए अलग से टैन यानी टैक्स डिडक्शन एंड कलेक्शन अकाउंट नंबर लेने की जरूरत नहीं होगी। अब खरीदार अपने पैन नंबर का इस्तेमाल करके टीडीएस काट सकेंगे, टैक्स जमा कर सकेंगे और इसकी जानकारी भी दे सकेंगे। यह बदलाव नए इनकम टैक्स कानून के लागू होने की प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका मकसद एनआरआई से प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए टैक्स से जुड़ी प्रक्रिया को आसान बनाना है। मौजूदा नियमों के तहत अगर कोई भारतीय नागरिक या हिंदू अविभाजित परिवार किसी एनआरआई से अचल संपत्ति खरीदता है, तो उसे टीडीएस काटने के साथ-साथ टैन भी लेना पड़ता है, जो प्रॉपर्टी खरीदने वाले व्यक्ति के लिए एक अतिरिक्त प्रक्रिया होती है। अब 1 अक्टूबर 2026 से इस अतिरिक्त प्रक्रिया को खत्म किया जा रहा है। इनकम टैक्स विभाग ने बजट 2026 से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवालों में भी स्पष्ट किया था कि 1 अक्टूबर 2026 से एनआरआई से प्रॉपर्टी खरीदने वाले निवासी खरीदारों को अलग टैन लेने की जरूरत नहीं होगी। इसके बजाय खरीदार अपने पैन के जरिए टीडीएस से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर सकेंगे और टीडीएस की जानकारी देने के लिए भी पैन आधारित चालान-कम-स्टेटमेंट व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि, इस बदलाव का मतलब यह नहीं है कि एनआरआई की प्रॉपर्टी खरीदने पर टीडीएस खत्म कर दिया गया है, क्योंकि एनआरआई से प्रॉपर्टी खरीदते समय टीडीएस का नियम अभी भी लागू रहेगा। बदलाव सिर्फ इतना है कि अब टीडीएस से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अलग टैन लेने की जरूरत नहीं होगी। खरीदार को अभी भी लागू टीडीएस की दर तय करनी होगी, सही समय पर टैक्स काटना होगा और तय प्रक्रिया के अनुसार उसे सरकार के पास जमा करना होगा, साथ ही टीडीएस से जुड़ी जानकारी भी देनी होगी।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!