उत्तराखंड में भूकंप के प्रति लोगों को जागरूक करने और राज्य में लगी भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत लगाए गए सायरन और सेंसरों का परीक्षण करने के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे राज्य में भूकंप का सायरन बजाया जाएगा। यह सायरन किसी वास्तविक भूकंप की सूचना नहीं होगा, बल्कि सिस्टम के परीक्षण और लोगों को जागरूक करने के लिए बजाया जाएगा। गुरुवार को सायरन बजाए जाने को लेकर लोगों को भूदेव ऐप पर अलर्ट भी मिला। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आज होने वाले परीक्षण के जरिए लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराया जाएगा, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में सायरन सुनकर लोग इसे पहचान सकें और घबराने के बजाय जरूरी सावधानी बरत सकें। उन्होंने बताया कि फिलहाल राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं और आज सायरन बजाकर इनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाएगा। अगर किसी स्थान पर सायरन या सिस्टम में कोई तकनीकी समस्या पाई जाती है, तो उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा के समय चेतावनी प्रणाली प्रभावी तरीके से काम कर सके। सुमन ने बताया कि राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है और सायरन और सेंसरों की संख्या दोगुनी की जाएगी। साथ ही, करीब 5 से 10 किलोमीटर की दूरी के अंतराल पर सेंसर और सायरन लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है और यूएसडीएमए तथा आईआईटी रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर लगाने का प्रस्ताव भी आगे बढ़ रहा है, जिससे भूकंपीय गतिविधियों की निगरानी और समय पर चेतावनी देने की क्षमता में और सुधार होगा। उन्होंने बताया कि आज सायरन के परीक्षण के साथ भूदेव मोबाइल ऐप के उपयोगकर्ताओं के मोबाइल फोन पर भी परीक्षण चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज आएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मोबाइल में भूदेव ऐप का अपडेटेड वर्जन इंस्टॉल या अपडेट रखें और ऐप को हमेशा लोकेशन की अनुमति दें, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में समय पर चेतावनी मिल सके। उन्होंने लोगों से विशेष अपील की कि आज सुबह 11 बजे सायरन बजने पर किसी तरह की घबराहट या भ्रम की स्थिति न पैदा करें, क्योंकि यह पहले से तय किया गया परीक्षण है। इसका उद्देश्य लोगों को डराना नहीं, बल्कि उन्हें भूकंप के प्रति जागरूक, सतर्क और तैयार करना तथा राज्य की भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली का नियमित परीक्षण करना है।
उत्तराखंड में सुबह 11 बजे बजेगा भूकंप सायरन, आपदा प्रबंधन सचिव ने लोगों से घबराने से किया इनकार
उत्तराखंड में भूकंप के प्रति लोगों को जागरूक करने और राज्य में लगी भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत लगाए गए सायरन और सेंसरों का परीक्षण करने के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे राज्य में भूकंप का सायरन बजाय
NRI Post Hindi Desk · 47 दिन पहले · अपडेट 5 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 सिख जगत
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





