|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

छठ महापर्व ने अर्थव्यवस्था को दी नई गति, 65 हजार करोड़ का योगदान

लोक आस्था का महापर्व छठ अब केवल भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था में भी 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बड़ा योगदान दे रहा है। एक अनुमान के मुताबिक

NRI Post Hindi Desk · 9 दिन पहले · अपडेट 5 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
छठ महापर्व ने अर्थव्यवस्था को दी नई गति, 65 हजार करोड़ का योगदान
📷 NRI Post Hindi Desk

लोक आस्था का महापर्व छठ अब केवल भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था में भी 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बड़ा योगदान दे रहा है। एक अनुमान के मुताबिक, इस महापर्व के दौरान अकेले दिल्ली में 12 हजार करोड़ रुपये, बिहार में 20 हजार करोड़ और झारखंड में करीब सात हजार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है, जबकि अन्य राज्यों में 26 हजार करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। यह दायरा इसलिए भी विस्तृत हुआ है कि इस अद्भुत पर्व को आस्था और शुचितापूर्वक देशभर में करीब 11 करोड़ लोग मनाते हुए प्रकृति वंदन कर रहे हैं। कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स द्वारा जारी आंकलन के अनुसार, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश छठ के मुख्य केंद्र हैं, जहां भव्य घाटों और स्थानीय बाजारों में खरीदार उमड़े थे, और इसी तरह दिल्ली-एनसीआर, बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी पूर्वांचल के प्रवासी समुदायों की बड़ी आबादी द्वारा यह पर्व बड़े स्तर पर उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस महापर्व से परिवहन, खानपान, टेंट, लाइटिंग और सुरक्षा जैसे सेवा क्षेत्रों के साथ-साथ पारंपरिक उद्योगों को भी बड़ा संबल मिला है, क्योंकि बांस से बने सूप, दउरा, डलिया और टोकरी की भारी मांग से पारंपरिक कारीगरों को रोजगार मिला, जबकि केला, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और सब्जियों की खरीदारी से किसानों व थोक व्यापारियों का बाजार विस्तृत हुआ है। ठेकुआ, गुड़, घी और पारंपरिक मिठाइयों के साथ-साथ कुम्हारों द्वारा बनाए जाने वाले मिट्टी के दीये, चूल्हे और कलश की बिक्री से कुटीर उद्योगों को भी वृहद आर्थिक लाभ पहुंचा है, और इस क्रम में साड़ियों, पूजा सामग्री और सजावटी वस्तुओं का बाजार भी खूब गुलजार हुआ। कैट के महामंत्री व चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि यह पर्व आस्था को सीधे आजीविका से जोड़ता है और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वोकल फार लोकल और आत्मनिर्भर भारत के विजन को धरातल पर उतारने का बेहतरीन माध्यम है, क्योंकि जब आमजन स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों या किसानों से खरीदारी करते हैं, तो वे सीधे तौर पर देश की घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे होते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और रोजगार सृजन की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत भी है।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!