दोहा में शुक्रवार को खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के अपने पहले 50 ओवर के मुकाबले में भारत ए ने नेपाल को 306 रन से करारी शिकस्त देकर शानदार आगाज किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे शुरुआती झटके लगे, लेकिन कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने मोर्चा संभालते हुए नेपाली गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 206 रन की शानदार साझेदारी कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। तिलक वर्मा ने 113 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 107 रन बनाए, जबकि कुशाग्र ने उनसे भी ज्यादा आक्रामक अंदाज में 102 गेंदों पर 10 चौके और 5 छक्कों के सहारे 117 रन ठोक दिए। पारी के अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने महज 14 गेंदों पर 36 रन बनाकर नाबाद लौटे और उनकी इस तेजतर्रार पारी की बदौलत भारत ए ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 332 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। नेपाल की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर ललित राजबंशी और लेग स्पिनर संदीप लामिछाने ने 61-61 रन देकर 3-3 विकेट झटके, जबकि मध्यम गति के गेंदबाज नंदन यादव को 49 रन देकर 2 सफलताएं मिलीं। 333 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की बल्लेबाजी भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और हर्षित राणा तथा प्रिंस यादव ने नई गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि नेपाली बल्लेबाजों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पारी की तीसरी गेंद पर ही हर्षित ने अर्जुन कमल को एलबीडब्ल्यू आउट कर नेपाल को पहला झटका दिया और इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। सातवें ओवर तक नेपाल ने महज 17 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे और कप्तान तिलक वर्मा को अपने दूसरे गेंदबाजी विकल्पों को आजमाने की जरूरत तक नहीं पड़ी। हर्षित राणा ने 4.3 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रिंस यादव ने सिर्फ 5 रन देकर 5 विकेट झटक लिए और दोनों ने मिलकर नेपाल के 9 विकेट चटकाए। नेपाल की ओर से गिरने वाला एक अन्य विकेट बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद ने लिया और पूरी टीम 11.3 ओवर में महज 26 रन पर सिमट गई। नेपाल की बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसका कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। यह रनों के अंतर से भारत ए की सूची-ए क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत है और इस शानदार प्रदर्शन के साथ टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की। कुमार कुशाग्र को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
तिलक-कुशाग्र के शतक, राणा-प्रिंस की कहर बरपाती गेंदबाजी, नेपाल को 306 रन से रौंदा
दोहा में शुक्रवार को खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के अपने पहले 50 ओवर के मुकाबले में भारत ए ने नेपाल को 306 रन से करारी शिकस्त देकर शानदार आगाज किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी
NRI Post Hindi Desk · 4 दिन पहले · अपडेट 4 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



