अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के केप कॉड इलाके में एक बेहद दुर्लभ दो सिर वाला कछुए का बच्चा मिला है। यह डायमंडबैक टेरापिन प्रजाति का कछुआ है, जिसे वेलफ्लीट इलाके में एक घोंसला बनाने की जगह पर पाया गया। इस छोटे से कछुए के शरीर पर दो अलग-अलग सिर हैं। वैज्ञानिक भाषा में शरीर पर दो सिर होने की इस स्थिति को बाइसिफली कहा जाता है। इस कछुए का वजन करीब पांच दशमलव एक ग्राम है और इसे अब केप वाइल्डलाइफ सेंटर में निगरानी में रखा गया है। विशेषज्ञ लगातार यह देख रहे हैं कि यह ठीक से खाना खा पा रहा है या नहीं और इसके दोनों सिर शरीर के साथ किस तरह तालमेल बिठाकर काम कर रहे हैं। खास बात यह है कि पिछले पांच साल में केप कॉड इलाके में ऐसा तीसरा टेरापिन मिला है, जो इसे और भी दुर्लभ बनाता है। बाइसिफली एक अत्यंत दुर्लभ स्थिति होती है, जो कछुए के बच्चे के अंडे के अंदर विकसित होने के दौरान बनती है। शुरुआत में जब शरीर का निर्माण हो रहा होता है, तब शरीर के दो हिस्से पूरी तरह से अलग नहीं हो पाते, जिसकी वजह से एक ही शरीर पर दो सिर बन जाते हैं। ऐसे जानवरों में दोनों सिर अलग-अलग तरीके से काम कर सकते हैं, लेकिन शरीर एक ही होता है। शरीर के अंदर के कुछ अंग भी साझा हो सकते हैं और यह इस बात पर निर्भर करता है कि बच्चे का विकास किस तरह हुआ है। दो सिर होने की वजह से कछुए को चलने और खाने में परेशानी हो सकती है, क्योंकि दोनों सिरों को एक ही शरीर के साथ तालमेल बनाना पड़ता है। अगर शरीर के अंदर के जरूरी अंग भी साझा हैं, तो इससे उसकी सेहत पर असर पड़ सकता है। हालांकि इस कछुए के लंबे समय तक जीवित रहने को लेकर अभी कुछ भी पक्का नहीं कहा जा सकता और विशेषज्ञ लगातार इसके खाने, चलने और व्यवहार पर नजर बनाए हुए हैं। डायमंडबैक टेरापिन अमेरिका के समुद्री किनारे वाले इलाकों में पाया जाने वाला कछुआ है, जो खारे पानी वाले दलदली क्षेत्रों और समुद्र के पास के दूसरे इलाकों में रहता है। इसके खोल पर हीरे जैसी आकृतियां होती हैं, जिसी वजह से इसका नाम डायमंडबैक टेरापिन पड़ा है। मैसाचुसेट्स में इस कछुए को खतरे वाली प्रजाति माना जाता है, क्योंकि इसके लिए रहने की जगह कम होना, सड़क पर वाहनों की चपेट में आना, प्रदूषण और मछली पकड़ने के जाल जैसे कई खतरे मौजूद हैं। डायमंडबैक टेरापिन के बच्चों के विकास में तापमान की भी बड़ी भूमिका होती है। अंडे के अंदर का तापमान यह तय करने में मदद करता है कि बच्चा नर होगा या मादा। कम तापमान पर नर और ज्यादा तापमान पर मादा बनने की संभावना बढ़ जाती है। इस दुर्लभ दो सिर वाले कछुए पर फिलहाल विशेषज्ञों की नजर बनी हुई है। ऐसे मामले वैज्ञानिकों के लिए बेहद खास होते हैं, क्योंकि इनसे उन्हें यह समझने में मदद मिलती है कि कछुए के बच्चे के शरीर का विकास किस तरह होता है और कभी-कभी इसमें ऐसी असामान्य स्थिति क्यों बन जाती है। यह खोज न केवल वन्यजीव प्रेमियों के लिए चौंकाने वाली है, बल्कि जीव विज्ञान के क्षेत्र में शोध करने वालों के लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।
दो सिर वाला दुर्लभ कछुआ मिला, वैज्ञानिक हैरान
अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के केप कॉड इलाके में एक बेहद दुर्लभ दो सिर वाला कछुए का बच्चा मिला है। यह डायमंडबैक टेरापिन प्रजाति का कछुआ है, जिसे वेलफ्लीट इलाके में एक घोंसला बनाने की जगह पर पाया गया।
NRI Post Hindi Desk · 48 दिन पहले · अपडेट 5 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 अमेरिका
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





