|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं: सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट का फैसला पलटा, मां को सौंपी दो बेटों की कस्टडी

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक अहम फैसले में कहा कि किसी अभिभावक की नियुक्ति करते समय नाबालिग की भलाई अदालत के लिए सर्वोपरि होती है और बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं होते। जस्टिस विक्रम नाथ

NRI Post Hindi Desk · 1 दिन पहले · अपडेट 5 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं: सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट का फैसला पलटा, मां को सौंपी दो बेटों की कस्टडी
📷 NRI Post Hindi Desk

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक अहम फैसले में कहा कि किसी अभिभावक की नियुक्ति करते समय नाबालिग की भलाई अदालत के लिए सर्वोपरि होती है और बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं होते। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने तलाकशुदा दंपती के दो नाबालिग बेटों की अभिरक्षा से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। पीठ ने मद्रास हाई कोर्ट के अक्टूबर 2024 के उस आदेश को पलट दिया, जिसमें पारिवारिक अदालत के उस फैसले को बरकरार रखा गया था जिसमें लड़कों की अभिरक्षा पिता को दी गई थी। शीर्ष अदालत ने दोनों नाबालिग बेटों की कस्टडी उनकी मां को सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि बच्चों को उनकी मां से अलग नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि वर्षों में उनका उनके साथ स्वाभाविक और मजबूत जुड़ाव हो गया है। अदालत ने कहा कि अभिभावक की नियुक्ति करते समय नाबालिग की उम्र, लिंग और धर्म के साथ-साथ प्रस्तावित अभिभावक के चरित्र और क्षमता का भी ध्यान रखना होता है। पीठ ने कहा कि जब माता-पिता के परस्पर विरोधी दावे आते हैं, तो मामले को केवल कानूनी नजरिये से नहीं देखना चाहिए, क्योंकि ऐसे मामलों में मानवीय पहलू भी प्रासंगिक होते हैं। अदालत 16 और 14 वर्ष के दो लड़कों की मां की अपील पर सुनवाई कर रही थी। नाबालिगों के माता-पिता का विवाह अगस्त 2009 में हुआ था और दोनों लड़कों का जन्म क्रमशः जुलाई 2010 और मई 2012 में मदुरै में हुआ था। पति-पत्नी 2014 से अलग रह रहे थे और 2018 में उनका विवाह-विच्छेद हो गया था। शीर्ष अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि दोनों लड़के मई 2014 से लगातार अपनी मां के साथ रह रहे हैं और उन्होंने खुद अपनी मां के साथ रहने की इच्छा जताई है। पीठ ने कहा कि तलाक के बाद भी मां ने अकेले बच्चों की परवरिश की है और ऐसा नहीं लगता कि उन्हें पर्याप्त प्यार और देखभाल नहीं मिली। मां अच्छे स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कर उनकी पढ़ाई का ध्यान रख रही हैं। अदालत का यह भी मानना है कि बच्चों को पिता के प्यार और स्नेह से वंचित नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह उनके उचित और संतुलित विकास के लिए भी आवश्यक है। इसी दिशा में अदालत ने पिता को हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बच्चों से मिलने की अनुमति दी है। पीठ ने यह भी कहा कि मां के मांगने पर पिता को बच्चों के भविष्य के शैक्षणिक खर्च में हिस्सा देने के लिए तैयार रहना चाहिए। यह फैसला दर्शाता है कि बच्चों की भलाई और उनकी भावनात्मक जुड़ाव को कानूनी दावों से ऊपर रखा जाना चाहिए।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!