|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

बिल्डर की मनमानी पर हाई कोर्ट सख्त, 9 साल से दबाए 65 लाख रुपये; अब 9% ब्याज समेत लौटाने का अल्टीमेटम

चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने एक बिल्डर की मनमानी पर कड़ा रुख अपनाते हुए उसे 65 लाख रुपये नौ प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज सहित दो सप्ताह के भीतर लौटाने का आदेश दिया है। जस्टिस दीपक गुप्ता ने

NRI Post Hindi Desk · 5 दिन पहले · अपडेट 5 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
बिल्डर की मनमानी पर हाई कोर्ट सख्त, 9 साल से दबाए 65 लाख रुपये; अब 9% ब्याज समेत लौटाने का अल्टीमेटम
📷 NRI Post Hindi Desk

चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने एक बिल्डर की मनमानी पर कड़ा रुख अपनाते हुए उसे 65 लाख रुपये नौ प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज सहित दो सप्ताह के भीतर लौटाने का आदेश दिया है। जस्टिस दीपक गुप्ता ने विरेंद्र कुमार जैन की ओर से दायर अवमानना याचिका पर यह आदेश पारित किया। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित प्रतिवादियों के खिलाफ अवमानना कानून के तहत आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। मामले की पृष्ठभूमि वर्ष 2016 में गुरुग्राम के सिविल लाइंस थाने में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश की धाराओं के तहत दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़ी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपितों ने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, और सुनवाई के दौरान उन्होंने अदालत को आश्वासन दिया था कि सभी असंतुष्ट आवंटियों के दावे निपटा दिए गए हैं तथा यदि कोई आवंटी अपनी बुकिंग रद कराकर रकम वापस मांगता है तो आवेदन के छह सप्ताह के भीतर नौ प्रतिशत सालाना ब्याज सहित भुगतान कर दिया जाएगा। इसी आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए हाई कोर्ट ने उनकी अंतरिम अग्रिम जमानत को नियमित कर दिया था। याचिकाकर्ता विरेंद्र कुमार जैन ने गन्नौर सेंट्रल परियोजना में एससीओ नंबर 18 और 19 के लिए 23 अक्टूबर 2015 को दो समझौते किए थे और पहली इकाई के लिए 30 लाख तथा दूसरी के लिए 35 लाख रुपये जमा कराए थे। कब्जा नहीं मिलने पर उन्होंने 13 दिसंबर 2017 को बुकिंग रद कराकर 65 लाख रुपये वापस मांगे और फरवरी 2018 में कानूनी नोटिस भी भेजा, लेकिन रकम नहीं मिली। याचिकाकर्ता के वकील सज्जन मलिक ने कोर्ट को बताया कि अदालत से राहत हासिल करने के लिए दिए गए आश्वासन की अनदेखी की गई। अदालत ने यह भी कहा कि वर्ष 2021 के समझौता ज्ञापन में याचिकाकर्ता के नाम 65 लाख रुपये का बैंक ड्राफ्ट तैयार किए जाने का उल्लेख है, लेकिन केवल ड्राफ्ट तैयार करना भुगतान नहीं माना जा सकता, क्योंकि जब तक लाभार्थी को वास्तविक रकम नहीं मिलती, तब तक दायित्व पूरा नहीं होता। हाई कोर्ट ने 13 दिसंबर 2017 से वास्तविक भुगतान तक नौ प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज सहित 65 लाख रुपये लौटाने का निर्देश दिया है और भुगतान की अंतिम समयसीमा 30 नवंबर 2026 तय की गई है। अदालत ने साफ किया कि पहले से किए गए किसी भुगतान का समायोजन किया जा सकेगा, तथा रकम लौटाने के लिए याचिकाकर्ता पर नया समझौता करने या अन्य कानूनी कार्यवाही वापस लेने की शर्त नहीं थोपी जा सकती। मामले की अगली सुनवाई दो दिसंबर 2026 को होगी।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!