|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
अमेरिका

भारतवंशी वोटरों का ट्रंप से मोहभंग: टैरिफ और वीजा नीतियों ने बदला राजनीतिक समीकरण

अमेरिका की राजनीति में भारतीय अमेरिकियों और भारतवंशियों को परंपरागत रूप से डेमोक्रेटिक पार्टी का वोटर माना जाता रहा है, लेकिन 2016 में राष्ट्रपति ट्रंप के पिछले कार्यकाल ने इस वोट बैंक में सेंध लगाई थ

NRI Post Hindi Desk · 20 दिन पहले · अपडेट 4 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
भारतवंशी वोटरों का ट्रंप से मोहभंग: टैरिफ और वीजा नीतियों ने बदला राजनीतिक समीकरण
📷 NRI Post Hindi Desk

अमेरिका की राजनीति में भारतीय अमेरिकियों और भारतवंशियों को परंपरागत रूप से डेमोक्रेटिक पार्टी का वोटर माना जाता रहा है, लेकिन 2016 में राष्ट्रपति ट्रंप के पिछले कार्यकाल ने इस वोट बैंक में सेंध लगाई थी और भारतीय मूल के मतदाताओं का रिपब्लिकन पार्टी की ओर झुकाव देखने को मिला था। भारत के प्रति ट्रंप के दोस्ताना रवैये, उनकी नीतियों पर समर्थन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मित्रता को इस बदलाव की बड़ी वजह माना गया था, और ट्रंप ने भी कई बार कहा था कि जब तक वो व्हाइट हाउस में हैं तब तक भारत का सबसे भरोसेमंद दोस्त वहां है। इस वादे पर भारत के लोगों और भारतवंशी अमेरिकियों दोनों ने विश्वास किया, जिसका नतीजा यह रहा कि 2024 की चुनावी रेस में डोनॉल्ड ट्रंप को फंडिंग से लेकर वोटिंग तक भारतीय मूल के अमेरिकियों का साथ मिला और कमला हैरिस जैसी भारतीय मूल की उम्मीदवार के मुकाबले भी कई जगह बड़ी संख्या में भारतवंशी मतदाताओं ने ट्रंप के समर्थन में वोट दिया। मगर डोनॉल्ड ट्रंप के दोबारा व्हाइट हाउस पहुंचने के कुछ ही दिनों में तस्वीर बदल गई, और भारत तथा पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर में सुलह का श्रेय लेने की जिद से लेकर भारत पर टैरिफ की तलवार चलाने जैसे फैसलों ने भरोसे की डोर को कमजोर कर दिया। विस्कॉन्सिन के काग्रेशनल चुनाव में उम्मीदवार से लेकर सोशल मीडिया पर ट्रंप की लंबे वक्त तक वकालत करने वाली पूर्णिमा नाथ जैसे चेहरों ने न केवल सुर बदल लिया है बल्कि खुलकर यह कहना शुरू किया है कि बेतरतीब व बेतुके फैसलों ने उनका मोहभंग कर दिया है। इस मोहभंग की तस्वीर चुनावी नतीजों में साफ नजर आती है, जहां रो खन्ना, प्रमिला जयपाल और सुहास सुब्रमण्यम जैसे उम्मीदवार अपनी सीटें फिर से जीत गए तो वहीं पिया डांडिया और अमीष शाह जैसे प्रत्याशियों को भी कामयाबी हासिल हुई, जबकि धनबल और राष्ट्रपति ट्रंप के समर्थन के बावजूद भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ओहायो की गवर्नर पद की रेस एमी एक्टन से हार गए। मिड टर्म चुनाव में राष्ट्रपति ट्रंप के लिए जिस टेक्सास के नतीजे को बड़ा झटका माना जा रहा है वहां भी भारतीय अमेरिकी मतदाताओं के मूड की अहमियत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, क्योंकि अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की संख्या 60 लाख से कम यानी कुल आबादी का करीब डेढ़ प्रतिशत है, मगर जब टेक्सास में एक रिपब्लिकन उम्मीदवार बो फ्रेंच ने यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास की निष्ठाओं पर सवाल उठाया और दक्षिण एशियाई मूल के छात्रों की एक तस्वीर एक तंज भरी टिप्पणी के साथ पोस्ट की, तो यह सवाल तेज हो गया कि आखिर अमेरिका की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान देने के बावजूद उन पर सवाल क्यों खड़े किए जाते हैं। हाल ही में कार्नेगी एडोवमेंट और इंडियन अमेरिकन एटिट्यूड सर्वे में सामने आया था कि डेमोक्रेट्स को वोट देने वालों में 35 प्रतिशत ऐसा मुख्य रूप से रिपब्लिकन पार्टी के विरोध में कर रहे हैं, अपनी पार्टी के समर्थन में नहीं, जबकि रिपब्लिकन मतदाताओं में यह आंकड़ा सिर्फ 17 प्रतिशत है, और जानकार इसे नेगेटिव पार्टिजनशिप कहते हैं यानी मतदाता अपनी पार्टी से जुड़ाव के बजाय विरोधी पार्टी से नाराजगी के चलते वोट देते हैं। भारतीय अमेरिकी मतदाताओं के इस मूड परिवर्तन में एक बड़ा फैक्टर एच1बी वीजा, बढ़ती महंगाई, वीजा शुल्क में बढ़ोतरी और ग्रीन-कार्ड से लेकर नागरिकता के रास्ते में बढ़ी रुकावटें भी माना जा रहा है, हालांकि इनमें से अधिकतर कारण वो हैं जिनके चलते अमेरिका के लातिनो, हिस्पैनिक और एफ्रो-एशियन मतदाताओं ने भी ट्रंप सरकार के खिलाफ वोट दिया।

🔔 अमेरिका
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!