हिंदू धर्म में माता दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का अपना विशेष महत्व है और सभी स्वरूपों की पूजा का अलग फल मिलता है। उन्हीं में से एक स्वरूप मां काली का है, जिन्हें शक्ति, साहस और दुष्टों के संहार का प्रतीक माना जाता है। मां काली को अक्सर श्याम वर्ण वाली प्रतिमा के रूप में देखा जाता है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जब-जब अधर्म और दुष्ट शक्तियों का प्रभाव बढ़ता है, तब मां अपने भक्तों की रक्षा और असुरों के विनाश के लिए उग्र रूप धारण करती हैं। यह कथा उस भयानक संकट की है जब सृष्टि पर रक्तबीज नाम के असुर का आतंक इतना बढ़ गया कि देवताओं और मनुष्यों के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा था। रक्तबीज को यह वरदान था कि उसके शरीर से रक्त की एक भी बूंद यदि धरती पर गिरेगी, तो उस बूंद से हूबहू उसके जैसा ही दूसरा महाबली रक्तबीज पैदा हो जाएगा। वह शुंभ और निशुंभ का मुख्य सेनापति था और इसी विचित्र वरदान से और अधिक शक्तिशाली बन गया था। दुर्गा सप्तशती की कथाओं के अनुसार, देवताओं के आग्रह पर जब माता दुर्गा ने देवी चंडिका के रूप में रक्तबीज पर प्रहार किया, तो उसके घावों से रक्त की सैकड़ों बूंदें पृथ्वी पर गिरने लगीं और देखते ही देखते उन बूंदों से हजारों रक्तबीज पैदा हो गए। देवताओं और माता दुर्गा की सेना ने जब उन सभी रक्तबीजों पर वार किया, तो उनकी संख्या और भी बढ़ने लगी और हजारों से लाखों तथा लाखों से करोड़ों रक्तबीज रणभूमि में खड़े हो गए। चारों ओर केवल रक्तबीज ही दिखाई देने लगे और आकाश से पाताल तक चीखें तथा असुरों की अट्टहास गूंजने लगी, जिससे सभी देवता भयभीत होकर पीछे हटने लगे। उस समय माता दुर्गा ने रक्तबीज के संहार के लिए काली रूप धारण किया और उनका नाम मां कलिका पड़ा। जब रक्तबीज का आतंक इतना बढ़ गया तब देवी चंडिका के भीतर संहार की चेतना जाग उठी और उनके ललाट की भृकुटि से घोर अंधकार के समान एक दिव्य शक्ति प्रकट हुई। उस अंधकार के गर्भ से एक ऐसा भयानक स्वरूप सामने आया, जिसे देखकर साक्षात मृत्यु भी भयभीत हो जाए। मां काली का यह स्वरूप इतना विकराल था कि उससे तुरंत ही असुरों का विनाश होने लगा और रक्तबीज के अलग-अलग स्वरूप नष्ट होने लगे। रणभूमि में पहुंचते ही मां कालरात्रि ने देवी चंडिका से कहा कि वे रक्तबीज पर अपने अस्त्रों से प्रहार करें और उसके शरीर से निकलने वाले रक्त को धरती पर गिरने से पहले ही वे ग्रहण कर लेंगी। इसके बाद देवी चंडिका ने रक्तबीज पर प्रहार करना शुरू किया और जैसे ही उसके शरीर से रक्त की धाराएं निकलीं, मां कालरात्रि ने अपनी विशाल जीभ और रक्त ग्रहण करने वाले पात्र की सहायता से रक्त की बूंदों को धरती पर गिरने से रोक दिया। रक्तबीज सहित चंड और मुंड का वध कर माता काली तथा मां दुर्गा ने तीनों लोकों को भय मुक्त किया। माता काली का क्रोध इतना विकराल था कि उस क्रोध की ज्वाला से संपूर्ण सृष्टि जलने लगी, उस समय भगवान शिव पृथ्वी पर लेट गए और माता काली का पैर शिव जी के ऊपर आ गया। जब माता काली को यह एहसास हुआ कि उनका पैर उनके पति के ऊपर आ गया है, उस समय माता काली का क्रोध शांत हुआ, लेकिन उनकी जिह्वा बाहर निकल आई।
मां दुर्गा ने क्यों धारण किया काली का विकराल रूप? जानिए रक्तबीज वध की रोचक कथा
हिंदू धर्म में माता दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का अपना विशेष महत्व है और सभी स्वरूपों की पूजा का अलग फल मिलता है। उन्हीं में से एक स्वरूप मां काली का है, जिन्हें शक्ति, साहस और दुष्टों के संहार का प्र
NRI Post Hindi Desk · 37 दिन पहले · अपडेट 8 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





