मोबाइल और माइक लेकर घूमने वाला हर व्यक्ति पत्रकार है या नहीं, इस सवाल पर अब सुप्रीम कोर्ट विचार करने जा रहा है। अदालत यह भी देखेगी कि प्रदर्शन की कवरेज के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सोशल मीडिया क्रिएटर्स के मुकाबले ज्यादा सुरक्षा मिलनी चाहिए या नहीं। यह मामला नई दिल्ली में 10 और 11 अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शनों की कवरेज से जुड़ा है, जिस दौरान सात पत्रकारों को हिरासत में लेने, उनके साथ मारपीट करने और रिपोर्टिंग में बाधा डालने के आरोप लगे थे। पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी के इन आरोपों को लेकर दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स और स्वतंत्र पत्रकार परंजॉय गुहा ठाकुरता समेत कई संगठनों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दाखिल की हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस घटना की जांच पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली उच्चाधिकार प्राप्त समिति को सौंप दी है, जो पत्रकारों के साथ हुई कथित घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने पत्रकारों की कानूनी पहचान के मुद्दे पर सैद्धांतिक रूप से विचार करने का फैसला किया है। सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि अदालत इस सवाल पर विचार करेगी कि प्रदर्शन या भीड़ के बीच रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों को कानून लागू करने वाली एजेंसियों के मुकाबले कोई विशेष अधिकार मिलने चाहिए या नहीं, और इस मामले में पत्रकारिता की स्वतंत्रता के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मुद्दे के बीच संतुलन पर भी विचार करना है। पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के बीच अंतर पर भी चिंता जताई थी, और जस्टिस बागची ने 'वर्किंग जर्नलिस्ट एक्ट' का हवाला देते हुए सुरक्षा के संभावित स्तरों का जिक्र किया था, जिनमें पीआईबी या सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार, पंजीकृत मीडिया संस्थानों में काम करने वाले रिपोर्टर, स्वतंत्र या फ्रीलांस पत्रकार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और रील बनाने वाले शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने अदालत में दलील दी है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और रील बनाने वालों को पेशेवर पत्रकारों से अलग श्रेणी में रखा जाना चाहिए, क्योंकि आज हर किसी के पास माइक या मोबाइल कैमरा है और ऐसे में प्रदर्शन के दौरान असली पत्रकारों और भीड़ में शामिल होकर नारेबाजी करने वाले लोगों के बीच फर्क करना मुश्किल हो जाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल पेशेवर पत्रकारों के लिए हैं और इसका लाभ उन लोगों को नहीं मिलना चाहिए जो पकड़े जाने के बाद खुद को पत्रकार बताते हैं।
मोबाइल-माइक लेकर घूमने वाला हर शख्स पत्रकार नहीं! सुप्रीम कोर्ट तय करेगा नियम, पत्रकारों की कानूनी पहचान पर सुनवाई
मोबाइल और माइक लेकर घूमने वाला हर व्यक्ति पत्रकार है या नहीं, इस सवाल पर अब सुप्रीम कोर्ट विचार करने जा रहा है। अदालत यह भी देखेगी कि प्रदर्शन की कवरेज के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सोशल मीडिय
NRI Post Hindi Desk · 2 घंटे पहले · अपडेट 1 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





