नई दिल्ली। पहली बार भारत आए यूएफसी वेल्टरवेट फाइटर कार्लोस प्रेट्स का मानना है कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और इस देश में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स यानी एमएमए का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। ब्राजीली फाइटर कार्लोस प्रेट्स ने विशेष बातचीत में कहा कि केवल जरूरत इस खेल को बढ़ावा देने और निवेश की है। उन्होंने कहा कि भारत और ब्राजील में खेल, संगीत और जश्न का अपना अलग जुनून है और दोनों जगह के लोगों में उत्साह तथा जिंदगी को खुलकर जीने का अंदाज देखने को मिलता है। अपनी पहली भारत यात्रा के अनुभव के बारे में बात करते हुए कार्लोस प्रेट्स ने कहा कि भारत बहुत अच्छा देश है और वे यहां आने को लेकर काफी उत्साहित थे। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वे यहां कुछ और समय बिता पाते और यहां के खानपान, संस्कृति तथा अलग-अलग जगहों को देखने के लिए वे खासा उत्सुक थे। उनका अब तक का अनुभव बहुत अच्छा रहा है। दोनों देशों के लोगों में समानता के बारे में पूछे जाने पर प्रेट्स ने कहा कि दोनों देशों के लोगों का खुशमिजाज होना सबसे बड़ी समानता है, यहां के लोग भी जश्न मनाना और खुश रहना पसंद करते हैं और यही बात उन्हें ब्राजील और भारत के बीच सबसे ज्यादा मिलती-जुलती लगी। फाइट की तैयारी के दौरान फाइटरों को बेहद अनुशासित डाइट लेनी पड़ती है और जब कोई फाइट नहीं होती तो उनका पसंदीदा चीट मील क्या होता है, इस सवाल पर कार्लोस प्रेट्स ने कहा कि जब उनकी कोई फाइट नहीं होती तो वे हर तरह का खाना पसंद करते हैं और उन्हें पिज्जा, पास्ता तथा बर्गर सब कुछ अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि वे खाने के मामले में बहुत ज्यादा चुनाव नहीं करते। भारतीय खाने के बारे में उन्होंने बताया कि उन्होंने चाय और कुछ व्यंजन चखे और एक चीज खाई थी जिसे ब्रेड के साथ खाते हैं, हालांकि उसका नाम उन्हें याद नहीं है, लेकिन उसका स्वाद बहुत अच्छा था। अपने रिंग के नाम द नाइटमेयर के बारे में प्रेट्स ने बताया कि यह नाम उनकी फाइटिंग शैली के अनुकूल है और यह ब्राजील की एक बच्चों की टीवी सीरीज के किरदार से आया है। उस किरदार का नाम पुर्तगाली में पेसादेलो है, जिसका अंग्रेजी में अर्थ नाइटमेयर होता है। उनके दोस्तों को लगता था कि वे उस किरदार जैसे दिखते हैं और इसी वजह से उन्होंने उन्हें यह नाम दे दिया। यूएफसी तक पहुंचने के लिए वर्षों तक की गई कड़ी मेहनत और करियर के सबसे मुश्किल दौर के बारे में बात करते हुए कार्लोस प्रेट्स ने कहा कि करियर की शुरुआत सबसे मुश्किल होती है और शायद हर फाइटर के लिए ऐसा ही होता है, क्योंकि जब आप फाइटर बनना शुरू करते हैं तो आपके पास पैसे नहीं होते और परिवार के लोग भी कई बार आपके फाइट करने के फैसले से खुश नहीं होते, इसलिए शुरुआत का दौर सबसे कठिन होता है। भारत में एमएमए के भविष्य के बारे में उन्होंने कहा कि भारत में यह खेल बहुत बड़ा बन सकता है, क्योंकि यहां आबादी बहुत ज्यादा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भी कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहले इस खेल को यहां विकसित करने की जरूरत है और इसके लिए सरकार तथा अन्य संस्थाओं से निवेश मिलना चाहिए, ऐसा होने पर भारत में भी अच्छे फाइटर सामने आएंगे। भारतीय यूएफसी फाइटरों और अगली पीढ़ी को सलाह देते हुए प्रेट्स ने सच कहा कि वे एमएमए का बहुत बड़ा प्रशंसक नहीं हैं और ज्यादा फाइट नहीं देखते, वे तभी मुकाबले देखते हैं जब उनका कोई दोस्त या उनका पसंदीदा फाइटर लड़ रहा होता है, और उन्हें फुटबाल देखना ज्यादा पसंद है। भारत के युवा फाइटरों को उन्होंने सलाह दी कि वे खूब मेहनत करें, लगातार ट्रेनिंग करें, धूम्रपान न करें, शराब से दूर रहें और बस अपने लक्ष्य पर ध्यान दें। आक्टागन के बाहर अपने बारे में बात करते हुए कार्लोस प्रेट्स ने कहा कि यह वाकई मुश्किल सवाल है, क्योंकि वे इंटरनेट मीडिया पर अपनी जिंदगी से जुड़ी लगभग हर चीज साझा करते हैं और इसलिए उन्हें लगता है कि प्रशंसक उनके बारे में काफी कुछ जानते हैं।
यूएफसी फाइटर कार्लोस प्रेट्स का बड़ा बयान, भारत में एमएमए का भविष्य उज्ज्वल, प्रतिभा की कोई कमी नहीं
नई दिल्ली। पहली बार भारत आए यूएफसी वेल्टरवेट फाइटर कार्लोस प्रेट्स का मानना है कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और इस देश में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स यानी एमएमए का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। ब्राजीली
NRI Post Hindi Desk · 15 दिन पहले · अपडेट 5 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



