राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने बंपर जीत दर्ज करते हुए जोरदार वापसी की है, जबकि सत्ताधारी बीजेपी को करारा झटका लगा है। जिला परिषद और पंचायत समिति, दोनों ही चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल की है। राज्य के ग्रामीण इलाकों के करीब दो करोड़ 48 लाख मतदाताओं ने अपने जनादेश से बीजेपी को बड़ा झटका दिया है। मेवाड़ और मारवाड़ दोनों ही इलाकों में कांग्रेस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा जैसे बड़े जिलों में कांग्रेस ने जिला प्रमुख की सीट पर शानदार कमबैक किया है। अजमेर की सीट बीजेपी के खाते में गई है जबकि उदयपुर में पार्टी किसी तरह बाल-बाल बची है। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, सिरोही, राजसमंद और जालौर जैसे बीजेपी के मजबूत गढ़ माने जाने वाले इलाकों में भी कांग्रेस ने बंपर जीत हासिल की है, जो सीएम भजनलाल शर्मा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजस्थान के 37 जिलों के 475 जिला परिषद सदस्यों और 419 पंचायत समितियों के 7543 वार्डों के परिणाम घोषित किए गए हैं, वहीं चार जिलों के परिणाम फिलहाल होल्ड पर रखे गए हैं। जिला परिषद की 37 सीटों में से कांग्रेस ने 25, बीजेपी ने 8 और निर्दलीय/अन्य ने 3 सीटों पर बढ़त हासिल की है, जबकि पिछली बार 29 जिला परिषदों के चुनावों में बीजेपी ने 16 और कांग्रेस ने 10 पर कब्जा जमाया था। पंचायत समिति की कुल 419 सीटों में कांग्रेस ने 213, बीजेपी ने 85 और निर्दलीयों ने 56 पंचायत समितियों में जीत का परचम लहराया है। पंचायत चुनावों में हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और राजकुमार रोत की भारत आदिवासी पार्टी जैसे छोटे दलों ने भी दमदार प्रदर्शन कर सियासी समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। सबसे चौंकाने वाला पहलू बीजेपी के बड़े चेहरों के क्षेत्रों में पार्टी की हार रही। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर की पंचायत समिति में आरएलपी ने जीत दर्ज की है, जबकि उनके गृह जिले भरतपुर के जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के संसदीय क्षेत्र जोधपुर, अर्जुन राम मेघवाल के बीकानेर और भूपेंद्र यादव के अलवर में भी बीजेपी को हार का मुंह देखना पड़ा है। राजस्थान के शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा का पूरा परिवार चुनाव हार गया है, उनकी पत्नी और दोनों बेटों को करारी मात मिली है। उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विधानसभा क्षेत्र झोटवाड़ा की पंचायत समिति में बीजेपी महज एक सीट पर सिमट कर रह गई, जबकि मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को अपने क्षेत्र में झटका लगा और लोहावट पंचायत समिति में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। सियासी जानकारों के मुताबिक पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने अपने कोर वोट बैंक अनुसूचित जाति, जाट, गुर्जर और मीणा समुदाय के साथ-साथ बीजेपी के परंपरागत माने जाने वाले राजपूत वोट बैंक में भी बड़ी सेंध लगाई है। पंचायत चुनावों के बीच निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी की विश्वविद्यालय अनुदान आयोग विरोधी रैली का असर भी ग्रामीण नतीजों में साफ तौर पर देखने को मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत ने इस जीत को ग्रामीण जनता के विश्वास और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा है कि गांवों में भाजपा के खिलाफ माहौल है और किसान, मजदूर व महिलाएं सभी वर्ग भाजपा सरकार की उपेक्षा से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मतदाताओं ने अपने वोट के जरिए स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भाजपा सरकार का जाने का समय आ चुका है।
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बंपर जीत, सीएम और मंत्रियों के गढ़ में बीजेपी हारी
राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने बंपर जीत दर्ज करते हुए जोरदार वापसी की है, जबकि सत्ताधारी बीजेपी को करारा झटका लगा है। जिला परिषद और पंचायत समिति, दोनों ही चुनावों में कांग्रेस ने शानद
NRI Post Hindi Desk · 4 दिन पहले · अपडेट 5 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




