सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार निवेशकों के लिए काला सोमवार साबित हो रहा है। जोरदार तेजी के साथ शुरुआत करने के बाद अचानक शेयर बाजार में भारी गिरावट आ गई और सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों में हाहाकार मच गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 700 अंक उछलने के बाद दोपहर एक बजे के आसपास अपने दिन के उच्चतम स्तर से 1800 अंकों का गोता लगा गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 500 अंक से अधिक टूट गया। बाजार में आए इस भूचाल के कारण एक ही झटके में निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक स्वाहा हो गए। शेयर बाजार की शुरुआत पर नजर डालें तो सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 83,919 की तुलना में तेज छलांग लगाकर 84,421 पर खुला और शुरुआती कुछ मिनटों में ही 743 अंकों की जोरदार उछाल के साथ 84,662 के स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद गिरावट का जो सिलसिला शुरू हुआ वह कारोबार आगे बढ़ने के साथ बढ़ता ही चला गया और खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से 1800 अंक का गोता लगाकर 82,862 पर आ गया था। इसी तरह निफ्टी ने अपने पिछले बंद स्तर 25,800 की तुलना में तेजी लेकर 25,929 पर कारोबार की शुरुआत की और अगले ही पल 25,992 के स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन वह भी भरभराकर टूटा और खबर लिखे जाने तक अपने दिन के उच्चतम स्तर से 525 अंकों की गिरावट के साथ 25,467 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। निवेशकों को हुए नुकसान का अंदाजा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण से लगाया जा सकता है। बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को बीएसई का बाजार पूंजीकरण करीब 515 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया था, जो सोमवार को दोपहर एक बजे घटकर 510 लाख करोड़ रुपये रह गया, यानी निवेशकों के करीब 5 लाख करोड़ रुपये बाजार की इस गिरावट में स्वाहा हो गए। इस गिरावट के बीच सबसे अधिक टूटने वाले शेयरों की बात करें तो बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा भूचाल देखने को मिला है। बीएसई की बड़ी कंपनियों की श्रेणी में टाटा स्टील का शेयर 9 प्रतिशत, एक्सिस बैंक का शेयर 3.30 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 2.50 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक का शेयर 2.40 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 2.20 प्रतिशत और कोटक बैंक का शेयर 2.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। इसके अलावा मध्यम पूंजी वाली श्रेणी में एपीएल अपोलो का शेयर 20 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का शेयर 3 प्रतिशत फिसलकर कारोबार कर रहा था, जबकि छोटी पूंजी वाली श्रेणी में एसटीएल टेक का शेयर 5 प्रतिशत और एचएफसीएल का शेयर 4.99 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों को शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने बाजार विशेषज्ञों की सलाह अवश्य लेनी चाहिए, क्योंकि बाजार में इस तरह की अचानक गिरावट निवेशकों को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।
शेयर बाजार में बड़ा भूचाल: सेंसेक्स 1800 अंक गिरा, निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये स्वाहा
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार निवेशकों के लिए काला सोमवार साबित हो रहा है। जोरदार तेजी के साथ शुरुआत करने के बाद अचानक शेयर बाजार में भारी गिरावट आ गई और सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों म
NRI Post Hindi Desk · 1 दिन पहले · अपडेट 4 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





