केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाते हुए लोकसभा और राज्यसभा की बैठक फिर से बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। सरकार के इस फैसले की कांग्रेस ने तीखी आलोचना की है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को अंबेडकर जयंती की शाम मोदी सरकार ने परिसीमन से जुड़े विधेयक को सार्वजनिक किया था और इस विधेयक को 17 अप्रैल की रात उचित अंजाम मिल गया था। अब सरकार फिर से संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दागदार दो-तिहाई बहुमत हासिल करना चाहती है। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि संविधान दिवस यानी 26 नवंबर पर मोदी सरकार ने संसद के विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की और सरकार को उम्मीद है कि वह संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दागदार दो तिहाई बहुमत हासिल कर लेगी। उन्होंने सवाल किया कि क्या संविधान का इससे बड़ा अपमान और उस पर इससे बड़ा हमला हो सकता है। कांग्रेस सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भी जयराम रमेश की पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि बिल्कुल लड़ाई जारी है और यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने, देश की एकता की रक्षा करने और हमारी संसद की गरिमा बनाए रखने की है। इससे पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर यानी आने वाले सोमवार को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर यानी बुधवार को फिर से बुलाने का अनुरोध किया गया है। रिजिजू के सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक लोकसभा की कार्रवाई चार दिन और राज्यसभा की कार्रवाई दो दिन चल सकती है। इस बैठक को लेकर सरकार ने अभी तक आधिकारिक एजेंडा साफ नहीं किया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में परिसीमन से जुड़े एक अहम बिल को लेकर अटकलें तेज हैं। माना जा रहा है कि सोमवार को लोकसभा में यह परिसीमन बिल पेश किया जा सकता है, जिसका सीधा रिश्ता 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लागू करने से है। इस बिल को पास कराने के लिए लोकसभा में दो तिहाई बहुमत यानी 360 सांसदों का समर्थन चाहिए। लोकसभा की वर्तमान संख्या 540 है और दो तिहाई का आंकड़ा 360 है, जबकि एनडीए के पास 320 सांसद हैं। इसमें भाजपा के 241, एनसीपीआई के 20, टीडीपी के 16, शिवसेना के 13, जेडीयू के 12, एलजेपी (आरवी) के 5, आरएलडी के 2, जेएसपी के 2, जेडीएस के 2 तथा एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, एजीपी, आजसू, अपना दल एस, हम और एसकेएम के एक-एक सांसद मिलाकर कुल 320 का आंकड़ा बनता है। पहली संभावना में तीन अन्य बड़े दलों के समर्थन से डीएमके के 22, एनसीपी (एसपी) के 8 और वायएसआरसीपी के 4 वोट मिलने पर भी छह वोटों की जरूरत बनी रहती है। दूसरी संभावना में डीएमके गैरहाजिर रहें और एनसीपी एसपी तथा वायएसआरसीपी साथ दें, तब एनडीए के 320, एनसीपी एसपी के 8 और वायएसआरसीपी के 4 मिलाकर कुल 332 का आंकड़ा बनता है, जो बहुमत से 13 दूर है। तीसरी संभावना में डीएमके तथा एनसीपी एसपी गैरहाजिर रहें, तब एनडीए वायएसआरसीपी के साथ भी बहुमत से 16 पीछे रहता है। गौरतलब है कि सरकार ने अभी तक इस विशेष बैठक का आधिकारिक एजेंडा साफ नहीं किया है, जिससे राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म है और विपक्ष ने संविधान दिवस के दिन इस घोषणा को संविधान के अपमान के रूप में देखते हुए मोर्चा खोल दिया है।
संविधान दिवस पर विशेष सत्र बुलाने को लेकर कांग्रेस का पलटवार, जयराम रमेश ने कहा- संविधान का अपमान
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाते हुए लोकसभा और राज्यसभा की बैठक फिर से बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। सरकार के इस फैसले की कांग्रेस ने तीखी आलोचना की
NRI Post Hindi Desk · 2 घंटे पहले · अपडेट 1 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





