कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम आते ही उनकी साड़ी पहने हुए तस्वीर आंखों के सामने आ जाती है। यह भारतीय लिबास सालों से उनकी सार्वजनिक पहचान का अहम हिस्सा रहा है। राजनीतिक रैलियों में सलीके से पहनी गई सूती साड़ी से लेकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में सादी हथकरघा साड़ी तक, हमेशा से उनकी पहचान बनी रहीं। हार्पर बाजार इंडिया के 'द कलेक्टर्स इश्यू' के लिए रचना भसीन को दिए एक खास इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने बताया कि साड़ी के साथ उनका रिश्ता एक ऐसी चुनौती के साथ शुरू हुआ था, जिसकी शायद किसी ने कल्पना नहीं की होगी। यह इंटरव्यू उनकी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के जारी होने के बाद प्रकाशित हुआ। इस इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अपनी पहली साड़ी या इससे जुड़ा कोई खास लम्हा याद है तो उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें साड़ी पहनने में काफी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि उन्हें साड़ी पहनने से डर लगता था और उन्हें लगता था कि पश्चिमी देशों की महिलाएं साड़ी में बहुत अजीब और असहज दिखती हैं। लेकिन धीरे-धीरे उनकी यह सोच बदल गई और उन्होंने खुद साड़ी पहनना और उसे सही तरीके से संभालना सीखा। उन्होंने आगे बताया कि उन्हें इसे पहनना सीखना ही था और इसे ठीक से पहनने में उन्हें समय लगा, लेकिन जब उन्होंने इसे पहनना सीख लिया और इसकी आदत हो गई तो उन्हें यह पसंद आने लगी और अब उन्हें सच में लगता है कि साड़ी दुनिया का सबसे खूबसूरत और शानदार लिबास है। सोनिया गांधी ने इस बात पर भी अपनी राय रखी कि कैसे साड़ियां कभी आउट ऑफ फैशन नहीं होती हैं। इस बारे में उन्होंने कहा कि शायद कुछ समय के लिए ऐसा हो सकता है, लेकिन आप उन्हें संभालकर रखते हैं और कई साल बाद फिर पहन सकते हैं, क्योंकि तब तक फैशन दोबारा लौट आता है। उन्होंने बताया कि उनके पास उनकी सास की कुछ साड़ियां हैं और वो उनके लिए बेहद कीमती हैं। हालांकि, इतने सालों में पहनी गई तमाम साड़ियों में से एक साड़ी उनके दिल के सबसे करीब है और यह उनकी शादी की साड़ी है। सोनिया गांधी ने बताया कि उनकी सभी साड़ियों में सबसे खास शादी की साड़ी है, जिसका धागा जवाहरलाल नेहरू ने आजादी की लड़ाई के दौरान जेल में रहते हुए काता था। सोनिया गांधी ने 1968 में राजीव गांधी से शादी की थी और इस मौके पर उन्होंने हल्की गुलाबी रंग की खादी की साड़ी पहनी थी। इस साड़ी का धागा जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जेल में रहते हुए काता था और यह साड़ी उन्हें इंदिरा गांधी ने दी थी। इस वजह से यह साड़ी उनके दिल के सबसे करीब है और नेहरू-गांधी परिवार के इतिहास से भी जुड़ी हुई है। हार्पर बाजार इंडिया के कवर शूट के लिए भी सोनिया गांधी ने गुलाबी रंग की एक खूबसूरत हथकरघा साड़ी पहनी थी, जिस पर लाल और सुनहरे रंग का बॉर्डर था और इसे तानबान ने तैयार किया था। इस फोटोशूट की तस्वीरें उनके नाती रैहान वाड्रा ने खींची थीं, जबकि उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनका लुक तैयार किया।
सोनिया गांधी की शादी की साड़ी का धागा जवाहरलाल नेहरू ने जेल में काता था
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम आते ही उनकी साड़ी पहने हुए तस्वीर आंखों के सामने आ जाती है। यह भारतीय लिबास सालों से उनकी सार्वजनिक पहचान का अहम हिस्सा रहा है। राजनीतिक रैलियों में सलीके
NRI Post Hindi Desk · 8 दिन पहले · अपडेट 5 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

