|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

हंगरी लौटा रूबिक क्यूब का उत्पादन, नई रोबोटिक फैक्ट्री में हर साल बनेंगे 10 लाख क्यूब

दुनिया की सबसे लोकप्रिय पहेली रूबिक क्यूब का उत्पादन अब एक बार फिर इसके जन्मस्थान हंगरी में शुरू हो गया है। पचास करोड़ से अधिक यूनिट्स की बिक्री के बाद यह आइकानिक पजल अपनी जड़ों की ओर लौट आया है। बुडा

NRI Post Hindi Desk · 3 दिन पहले · अपडेट 4 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
हंगरी लौटा रूबिक क्यूब का उत्पादन, नई रोबोटिक फैक्ट्री में हर साल बनेंगे 10 लाख क्यूब
📷 NRI Post Hindi Desk

दुनिया की सबसे लोकप्रिय पहेली रूबिक क्यूब का उत्पादन अब एक बार फिर इसके जन्मस्थान हंगरी में शुरू हो गया है। पचास करोड़ से अधिक यूनिट्स की बिक्री के बाद यह आइकानिक पजल अपनी जड़ों की ओर लौट आया है। बुडापेस्ट में आर्किटेक्चर और डिजाइन के प्रोफेसर रहे 82 वर्षीय आविष्कारक एर्नो रूबिक ने हंगरी के जासबेरेनी शहर में एक नई और पूरी तरह से स्वचालित उत्पादन लाइन का उद्घाटन किया है। इस नई फैक्ट्री में रोबोटिक आर्म्स की मदद से हर साल दस लाख क्यूब तैयार किए जाएंगे और उनकी मजबूती की जांच भी की जाएगी। पहले जहां इन क्यूब्स को हाथों से जोड़कर बनाया जाता था, वहीं अब हाई-टेक रोबोटिक आर्म्स इस काम को अंजाम देंगे। रूबिक क्यूब के ट्रेडमार्क की मालिक कंपनी स्पिन मास्टर ने इस कदम को उत्पादन की अपनी जड़ों की ओर वापसी बताया है। इस पहेली का इतिहास बेहद दिलचस्प है। एर्नो रूबिक अपने विद्यार्थियों को त्रिआयामी ज्योमेट्री यानी थ्रीडी ज्यामिति समझाने के लिए कुछ अनोखा बनाना चाहते थे, इसीलिए उन्होंने लकड़ी के 27 छोटे ब्लाकों को जोड़कर ऐसा क्यूब तैयार किया जो हर दिशा में घूम सकता था। जब उन्होंने पहली बार इसके रंगों को घुमाकर बिगाड़ा, तो उन्हें खुद इसे वापस ठीक करने में पूरा एक महीना लग गया। साल 1977 में इसे मैजिक क्यूब के नाम से बाजार में उतारा गया और बिक्री शुरू होते ही यह पहेली इतनी लोकप्रिय हो गई कि हंगरी की फैक्ट्रियां दुनियाभर की मांग पूरी नहीं कर पा रही थीं। हंगरी में कच्चे माल की कमी और बढ़ती वैश्विक मांग के कारण इसका उत्पादन विदेश, यानी ब्रिटेन और अमेरिका, ले जाना पड़ा। उस दशक में इसकी लोकप्रियता चरम पर पहुंच गई और दुनिया भर में अब तक पचास करोड़ से अधिक आधिकारिक रूबिक क्यूब बेचे जा चुके हैं। रूबिक क्यूब सिर्फ एक खिलौना या समय बिताने का साधन नहीं है, बल्कि इसे दिमाग की बेहतरीन कसरत माना जाता है। क्यूब हल करते समय पूरा ध्यान रंगों के संयोजन और अपनी अगली चाल पर केंद्रित रखना होता है, जिससे फोकस और एकाग्रता की क्षमता तेजी से सुधरती है और यह पढ़ाई में भी बहुत काम आती है। यह इंसान के अंदर किसी भी समस्या को सुलझाने की तार्किक क्षमता को मजबूत करता है। तेजी से क्यूब की परतों को घुमाने पर अंगुलियों की गति और आंखों के बीच बेहतरीन तालमेल बनता है, जिससे मोटर स्किल्स बेहतर होती हैं। बार-बार कोशिश करने और हार न मानने की जिद से बच्चों और युवाओं में धैर्य तथा सहनशीलता का गुण भी विकसित होता है। आज के डिजिटल दौर में जब टीनएजर्स अपना ज्यादातर समय मोबाइल और इंटरनेट मीडिया पर बिताते हैं, रूबिक क्यूब एक ऐसा ऑफलाइन खेल है जो बिना किसी स्क्रीन के दिमाग को चुस्त-दुरुस्त रखता है और डिजिटल डिटॉक्स में मदद करता है। अब बाजार में कई आकारों में रूबिक क्यूब आ गए हैं, जिनमें त्रिभुज, सेब, षट्कोण, वर्ग और आयत आदि आकार शामिल हैं। इन्हें ट्विस्ट पजल के नाम से जाना जाता है क्योंकि इन्हें मोड़-मोड़कर हल किया जाता है, और छह एक जैसी परतों वाले ट्विस्ट पजल को ही रूबिक क्यूब कहा जाता है। अहमदाबाद के पजल डिजाइनर मनीष राठौर ने कई नए स्टाइल में ट्विस्ट पजल बनाए हैं, जिनमें घोस्ट, तिरछे कोनों वाले पजल से लेकर बारह भुजाओं वाले डोडेकाहीड्रन और बीस त्रिभुजों वाले आइकोसाहीड्रन तक शामिल हैं। दुनिया भर में होने वाली स्पीड-क्यूबिंग प्रतियोगिताओं ने इस खेल को युवाओं के बीच फिर से लोकप्रिय बना दिया है। वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन के अनुसार इसे हल करने का मौजूदा विश्व रिकॉर्ड सिर्फ दो दशमलव पांच एक सेकंड का है, जिसे चीन के महज नौ साल के बच्चे जुआनी गेंग ने बनाया है। यानी जितनी देर में आम इंसान पलक झपकाता है, उतनी ही देर में ये जीनियस सारे रंग मिला देते हैं, जो साबित करता है कि आधी सदी बाद भी इस रंग-बिरंगी पहेली का जादू कम नहीं हुआ है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!