भारत ने बुधवार को अमेरिका के उस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है कि उसकी औद्योगिक और व्यापार नीतियों की वजह से जरूरत से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बन रही है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बयान जारी कर साफ किया कि भारत के किसी भी सेक्टर में ढांचागत तौर पर जरूरत से ज्यादा उत्पादन नहीं है और व्यापार से जुड़ी सभी चिंताओं का हल चल रही द्विपक्षीय बातचीत में ही निकालना चाहिए। यह जवाब ऐसे समय आया है जब अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि यानी यूएसटीआर ने सेक्शन 301 के तहत हुई जांच के आधार पर भारतीय आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। मंत्रालय के अनुसार यह जांच भारत समेत 14 देशों के खिलाफ की गई है, जिसमें यह देखा जा रहा है कि इन देशों के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में ढांचागत तौर पर जरूरत से ज्यादा क्षमता और उत्पादन है या नहीं। इसी जांच के आधार पर यूएसटीआर ने नोटिस ऑफ डिटरमिनेशन एंड रिक्वेस्ट फॉर कमेंट्स जारी किया है, जिसमें भारतीय आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ का प्रस्ताव रखा गया है। प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि अगर दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता पक्का हो जाता है तो यह दर 17 प्रतिशत पर सीमित कर दी जाएगी। सरकार ने कहा है कि वह इस नोटिस की जांच कर रही है और अमेरिका के साथ समझौता जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने यह भी याद दिलाया कि नोटिस ऑफ इनिशिएशन के जवाब में और उसके बाद की कार्यवाही में वाणिज्य विभाग ने पहले ही साफ कह दिया था कि भारत में किसी भी सेक्टर में ढांचागत अतिरिक्त क्षमता नहीं है। भारत ने पूरी जांच के दौरान सकारात्मक तरीके से हिस्सा लिया है और उसका रुख साफ है कि व्यापार से जुड़ी सभी चिंताओं का समाधान द्विपक्षीय व्यापार समझौते की बातचीत के दायरे में ही निकलना चाहिए। बयान में दो फरवरी 2026 को घोषित फ्रेमवर्क और सात फरवरी को जारी संयुक्त बयान का भी जिक्र किया गया है। गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में अमेरिका ने भारत पर 26 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जिसमें 10 प्रतिशत बेसलाइन और 16 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ शामिल था। बाद में रूस से तेल खरीदने की सजा के तौर पर भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया गया, जिससे कुल टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया था। फरवरी 2026 में हुए व्यापार समझौते के बाद अमेरिका ने रूसी तेल खरीद के लिए लगाया गया अतिरिक्त टैरिफ वापस ले लिया था। अब सबकी नजर इस पर है कि दोनों देशों के बीच बातचीत किस दिशा में जाती है, फिलहाल भारत का जोर बातचीत से रास्ता निकालने पर है।
अमेरिकी टैरिफ पर भारत का करारा जवाब, कहा- व्यापारिक मुद्दे बातचीत से सुलझाएंगे
भारत ने बुधवार को अमेरिका के उस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है कि उसकी औद्योगिक और व्यापार नीतियों की वजह से जरूरत से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बन रही है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बयान जार
NRI Post Hindi Desk · 1 घंटे पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


