|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

कानपुर के छात्रों का कमाल: फलों को सड़ने से बचाएगा एथिलीन पाउच, बचे खाने से बनेगा जैव ईंधन

विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय कानपुर के विद्यार्थियों ने अपशिष्ट पदार्थों को उपयोगी संसाधनों में बदलने के अभिनव प्रयोग प्रस्तुत किए। खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग और एएफए

NRI Post Hindi Desk · 39 दिन पहले · अपडेट 37 दिन पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
कानपुर के छात्रों का कमाल: फलों को सड़ने से बचाएगा एथिलीन पाउच, बचे खाने से बनेगा जैव ईंधन
📷 NRI Post Hindi Desk

विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय कानपुर के विद्यार्थियों ने अपशिष्ट पदार्थों को उपयोगी संसाधनों में बदलने के अभिनव प्रयोग प्रस्तुत किए। खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग और एएफएसटी इंडिया की ओर से शुक्रवार को आरके आडिटोरियम में ‘इनोवेट विद वेस्ट’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसकी थीम ‘आज का नवाचार, कल का पोषण’ रखी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कुलपति प्रो. समशेर ने कहा कि खाद्य चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक शोध और नवाचार आवश्यक हैं। इस अवसर पर प्रो. अनुराग सिंह, प्रो. विवेक कुमार, प्रो. पीकेएस यादव और प्रो. अलक कुमार सिंह ने भी तकनीकी विकास को रेखांकित किया, जबकि तकनीकी सत्र में गुरुग्राम के अमित कुमार और निफ्टेम के प्रो. मुरलीधर मेघवाल ने अनुसंधान से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। प्रतियोगिता में आयुष तिवारी, कृष्णा शर्मा, शिवानी और वेदांत की टीम ने नारियल के रेशों और धान की भूसी से एथिलीन अवशोषित करने वाला पाउच तैयार किया, जो फलों से निकलने वाली एथिलीन गैस को सोखकर उनके पकने और खराब होने की प्रक्रिया को धीमा कर सकता है। इससे कटाई के बाद फलों की बर्बादी कम करने की संभावना बनती है। आदित्य अग्रवाल ने छात्रावास की मेस से निकलने वाले बचे भोजन के निस्तारण का माडल प्रस्तुत किया, जिसमें खाद्य कचरे से प्लास्टिक अलग कर सूखी पत्तियों के साथ प्रसंस्करण के जरिए जैविक खाद और जैव ईंधन तैयार करने की अवधारणा रखी गई। अदिति सिंह और जानवी कौशल ने केले के छिलकों से बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक बनाकर पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग का विकल्प सुझाया। वैभव सिंह ने संतरे के छिलके के पाउडर और बेकिंग सोडा से बर्तन साफ करने वाला ‘सिट्रस स्क्रब’ तैयार किया, जबकि नंदिनी खत्री ने अंडों के छिलकों से कैल्शियम कार्बोनेट युक्त पाउडर बनाया। अनाया सिंह भवानी ने विसर्जित फूलों से चारकोल-मुक्त अगरबत्ती बनाने का प्रयोग किया। कुमी यादव ने मौसमी के छिलकों से हर्बल फेसपैक तैयार किया, तथा कनिष्ठा गर्ग, प्रशांत सिंह और प्रियांश गुप्ता ने केले के रेशों से सजावटी उत्पाद और हस्तनिर्मित कागज बनाए। इन सभी प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि रसोई में फेंके जाने वाले फलों के छिलके, छात्रावास का बचा भोजन और नदियों में विसर्जित फूल केवल कचरा नहीं, बल्कि उपयोगी संसाधन हैं, जिनसे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक रूप से लाभकारी उत्पाद भी बनाए जा सकते हैं। इस आयोजन ने अपशिष्ट प्रबंधन और टिकाऊ विकास की दिशा में नई संभावनाओं को उजागर किया।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!