विदेशी कर्जे, सऊदी मदद और अमेरिकी डॉलर पर पलने वाले पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय मंच पर एक अहम जिम्मेदारी मिलने जा रही है। पाकिस्तान को साल 2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक समूह के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स का अगला अध्यक्ष नॉमिनेट किया गया है। पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। इस पद पर पाकिस्तान की वापसी 1953 के बाद पहली बार हो रही है। दिलचस्प बात यह है कि जिस अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से पाकिस्तान अपनी अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए अरबों डॉलर का कर्ज ले रहा है, अब उसी संस्था के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की अध्यक्षता करने का मौका भी उसे मिलेगा। पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्री अहद खान चीमा को बैंकॉक में आयोजित 2026 की अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक की सालाना बैठक के पूर्ण सत्र के दौरान औपचारिक रूप से अगला अध्यक्ष घोषित किया गया। चीमा विश्व बैंक में पाकिस्तान के गवर्नर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। पाकिस्तान सरकार ने इस घटनाक्रम को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। आर्थिक मामलों के मंत्रालय के मुताबिक इस अध्यक्षता से पाकिस्तान को वैश्विक अर्थव्यवस्था और विकास से जुड़े मुद्दों पर होने वाली चर्चाओं में योगदान देने का अवसर मिलेगा। साथ ही उसे सदस्य देशों के बीच रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने का मौका भी मिलेगा। हालांकि यह जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है, जब पाकिस्तान खुद अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के कर्जे पर निर्भर है। पाकिस्तान की आर्थिक तस्वीर देखें तो यह घटनाक्रम और दिलचस्प हो जाता है। देश अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के 7 अरब डॉलर के एक्सटेंडेड फंड फैसिलिटी कार्यक्रम के तहत कर्ज ले रहा है। इसका मकसद पाकिस्तान की भुगतान संतुलन संबंधी जरूरतों को पूरा करना और आर्थिक सुधारों को समर्थन देना है। आसान शब्दों में कहें तो विदेशी भुगतान और विदेशी मुद्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की मदद की जरूरत है। इसके अलावा, पाकिस्तान 1.4 अरब डॉलर की रेजिलिएंस एंड सस्टेनेबिलिटी फैसिलिटी के तहत भी वित्तीय सहायता ले रहा है। यह कार्यक्रम जलवायु परिवर्तन से जुड़े जोखिमों से निपटने और अर्थव्यवस्था को लंबे समय में मजबूत बनाने के लिए है। इतना ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के कर्मचारियों और पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच दोनों ऋण कार्यक्रमों की ताजा समीक्षा पर सहमति बनने के बाद पाकिस्तान को करीब 1.2 अरब डॉलर और मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के कार्यकारी बोर्ड की मंजूरी जरूरी है। 12 से 18 अक्टूबर तक चल रही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक की सालाना बैठक में 191 देशों के 15,000 से ज्यादा प्रतिभागी शामिल हुए हैं। इन बैठकों में वैश्विक अर्थव्यवस्था, विकास और वित्तीय स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है। हालांकि यहां एक बात समझना जरूरी है। बोर्ड की अध्यक्षता मिलने का मतलब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष या विश्व बैंक के खजाने की चाबी मिल जाना नहीं है। इस पद से पाकिस्तान को वैश्विक आर्थिक चर्चाओं में अहम भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा, लेकिन कर्ज, भुगतान संतुलन और आर्थिक सुधारों की चुनौतियां अपनी जगह बनी रहेंगी।
कर्जे पर पलने वाला पाकिस्तान अब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष का अध्यक्ष बना, जानें कैसे
विदेशी कर्जे, सऊदी मदद और अमेरिकी डॉलर पर पलने वाले पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय मंच पर एक अहम जिम्मेदारी मिलने जा रही है। पाकिस्तान को साल 2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक समू
NRI Post Hindi Desk · 39 दिन पहले · अपडेट 37 दिन पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





