नई दिल्ली। परिसीमन विधेयक को लेकर देशभर की सियासत में गर्माहट तेज है और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति अपने चरम पर है। इसी बीच तमिलनाडु की राजनीति में मची हलचल और परिसीमन विधेयक पर पूर्व सहयोगी द्रमुक को मनाने की कवायद के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने बड़ा बयान दिया है। रविवार को उन्होंने तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम यानी टीवीके को समर्थन देने के कांग्रेस के फैसले का बचाव किया। चिदंबरम ने साफ कहा कि यह कदम राज्य में राष्ट्रपति शासन को रोकने के लिए उठाया गया था, क्योंकि राष्ट्रपति शासन का मतलब सीधे तौर पर भाजपा का शासन होता है। बता दें कि इसी साल अप्रैल में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सत्ताधारी द्रमुक के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन चुनाव में द्रमुक को हार का सामना करना पड़ा और 2024 में बनी विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़े दल के रूप में उभरी। इसके बाद कांग्रेस और कुछ अन्य दलों ने टीवीके को समर्थन देकर सरकार बनवा दी, जिसके बाद द्रमुक ने कांग्रेस के इस कदम को विश्वासघात करार देते हुए विपक्षी गठबंधन से नाता तोड़ लिया था। समाचार एजेंसी से बातचीत में चिदंबरम ने कांग्रेस के फैसले को बिल्कुल सही ठहराया और कहा कि अगर हमने टीवीके सरकार को समर्थन नहीं दिया होता, तो विधानसभा भंग हो जाती और दोबारा चुनाव होते या फिर राष्ट्रपति शासन लग जाता। उन्होंने कहा कि चुनाव में विजय की पार्टी को 108 सीटें मिली थीं और वे बहुमत के बेहद करीब थे, उनके अलावा कोई भी दूसरी पार्टी, यहां तक कि द्रमुक भी सरकार बनाने की स्थिति में नहीं थी, इसलिए जब उन्होंने समर्थन मांगा तो कांग्रेस ने साथ दिया। चिदंबरम ने यह भी स्वीकार किया कि इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस और द्रमुक के रिश्तों में दरार आ गई है और उन्होंने संकेत दिया कि कुछ ऐसी बातें भी हुईं जिन पर वे सिर्फ पार्टी के भीतर चर्चा कर सकते हैं, सार्वजनिक रूप से नहीं। गौरतलब है कि परिसीमन बिल पर स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचे दिग्गज चिदंबरम का यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के अन्य नेता रविवार को चेन्नई पहुंचे हैं और वे पूर्व मुख्यमंत्री एवं द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी ने संविधान और देशहित को बचाने के लिए स्टालिन से साथ आने की अपील की है, हालांकि स्टालिन ने दो-टूक कहा है कि द्रमुक हमेशा तमिलनाडु के हितों को सबसे ऊपर रखती है और इससे कोई समझौता नहीं करेगी, जिसे कांग्रेस के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है। सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधित विधेयक पेश करने जा रही है और द्रमुक के पास संसद में कुल 30 सांसद हैं, जो सरकार और विपक्ष दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
टीवीके समर्थन पर चिदंबरम की सफाई, बोले- भाजपा का राज रोकने के लिए उठाया था कदम
नई दिल्ली। परिसीमन विधेयक को लेकर देशभर की सियासत में गर्माहट तेज है और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति अपने चरम पर है। इसी बीच तमिलनाडु की राजनीति में मची हलचल और परिसीमन विधेयक पर पूर्व सहयोगी द्रमुक को
NRI Post Hindi Desk · 1 घंटे पहले · अपडेट 1 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





