सोना-चांदी की कीमतों में अक्टूबर महीने की तरह ही नवंबर महीने में तेज गिरावट का सिलसिला देखने को मिला है और अब तक 29 दिनों में गोल्ड-सिल्वर प्राइस क्रैश नजर आया है। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के मुताबिक घरेलू बाजार में 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 13,700 रुपये से ज्यादा सस्ता हो चुका है, तो वहीं 1 किलोग्राम चांदी की कीमत 27,000 रुपये से ज्यादा कम हो गई है। आईबीजेए गोल्ड रेट्स पर नजर डालें तो नवंबर महीने के 29 दिन बीत चुके हैं और इन दौरान 18 कारोबारी दिनों में एक-दो दिन छोड़ दें तो सोने का भाव धड़ाम ही नजर आया है। बीते 30 अक्टूबर को 24 कैरेट सोने का दाम 1,40,054 रुपये प्रति 10 ग्राम था और बीते शुक्रवार को ये मामूली तेजी के बाद भी 1,26,299 रुपये पर बंद हुआ यानी सोना 13,755 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर अपडेट किए जाने वाले गोल्ड सिल्वर रेट्स देशभर में एक समान होते हैं, लेकिन ज्वेलरी खरीद पर ग्राहकों को 3 फीसदी जीएसटी के साथ ही मेकिंग चार्ज भी देना होता है। जहां 24 कैरेट गोल्ड रेट 1,26,299 रुपये है, तो वहीं 22 कैरेट का दाम 1,23,814 रुपये, 20 कैरेट का रेट 1,14,789 रुपये, 18 कैरेट का 93,987 रुपये और 14 कैरेट गोल्ड रेट 73,310 रुपये प्रति 10 ग्राम है। घरेलू बाजार के बाद अब बात करें मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर गोल्ड रेट के बारे में, तो यहां भी इस महीने ज्यादातर कारोबारी दिन ये कीमती पीली धातु क्रैश होती दिखी है। बीते महीने के आखिरी कारोबारी दिन 30 अक्टूबर के बंद 1,38,485 रुपये से 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला सोना बीते शुक्रवार को मामूली तेजी के बाद भी 1,25,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, यानी वायदा सोना 29 दिन में 13,135 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ। न सिर्फ सोना, बल्कि चांदी घरेलू बाजार से लेकर एमसीएक्स तक धड़ाधड़ बिखरी है। आईबीजेए सिल्वर प्राइस की कीमत बीते महीने के आखिरी कारोबारी दिन के अपने बंद 1,81,344 रुपये प्रति किलो की तुलना में गिरकर 1,54,300 रुपये पर आ गई, जिसका मतलब है कि इस अवधि में चांदी प्रति किलोग्राम 27,044 रुपये सस्ती हुई है। घरेलू बाजार की तरह ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर भी कुल मिलाकर चांदी क्रैश ही हुई है। बीते शुक्रवार को 7000 रुपये प्रति किलोग्राम की उछाल के साथ एक किलो चांदी की कीमत 1,52,843 रुपये पर क्लोज हुई, वहीं 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाली ये चांदी पिछले 30 अक्टूबर को 1,79,132 रुपये पर बंद हुई थी, यानी वायदा कारोबार में चांदी 26,289 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई। वहीं ये कीमती धातु अपने हाई 4,20,048 रुपये से अब 2,67,205 रुपये प्रति किलोग्राम टूट चुकी है। निवेशकों के लिए यह जानना जरूरी है कि सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में किसी भी निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
सोना 13700 रुपये और चांदी 27000 रुपये टूटी, नवंबर में 29 दिनों में भारी गिरावट
सोना-चांदी की कीमतों में अक्टूबर महीने की तरह ही नवंबर महीने में तेज गिरावट का सिलसिला देखने को मिला है और अब तक 29 दिनों में गोल्ड-सिल्वर प्राइस क्रैश नजर आया है। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की व
NRI Post Hindi Desk · 2 घंटे पहले · अपडेट 1 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




