हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा को आसान बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। राज्य की स्टेट कैबिनेट ने बीते 27 नवंबर को 'हरिद्वार दर्शन' पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के तहत चलने वाली ड्राइवरलेस पॉड टैक्सियां होंगी, जो सड़क के ऊपर बने एलिवेटेड ट्रैक पर दौड़ेंगी। इसका मकसब शहर के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को एक नए ट्रांसपोर्ट नेटवर्क से जोड़ना है, जिससे हर की पौड़ी, मनसा देवी मंदिर और दक्ष मंदिर जैसे स्थानों तक पहुंचने में लोगों को ट्रैफिक और जाम से राहत मिल सके। इस परियोजना के तहत हरिद्वार में तीन अलग-अलग कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनकी कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और इनमें कुल 21 स्टेशन बनाए जाएंगे। पहला और सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा, जिसकी लंबाई 15.58 किलोमीटर होगी और इस रूट पर 15 स्टेशन प्रस्तावित हैं। दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक होगा, जिसकी लंबाई 3.10 किलोमीटर होगी और इसमें चार स्टेशन बनाए जाएंगे, जबकि तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक प्रस्तावित है, जिसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर होगी और इस पर दो स्टेशन बनाए जाएंगे। पॉड टैक्सियां बिना ड्राइवर के चलेंगी और ये बैटरी से ऑपरेट होंगी। ये शहर में पिलर्स पर बने स्टील के एलिवेटेड ट्रैक पर दौड़ेंगी और प्रत्येक पॉड टैक्सी में 4 से 6 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। इनकी औसत रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने का अनुमान है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 3,028 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस प्रोजेक्ट के लिए प्रस्तावित रूट को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध सामने आने के बाद इसके अलाइनमेंट में बदलाव किया गया है और संशोधित योजना के तहत अब प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी, जिसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी जमीन और 0.8384 हेक्टेयर निजी जमीन शामिल है। इसके अलावा सीतापुर में प्रस्तावित पॉड टैक्सी डिपो के पास 2 हेक्टेयर जमीन को पांच साल के लिए अस्थायी तौर पर इस्तेमाल करने की योजना है, जिसका उपयोग कंस्ट्रक्शन मैटेरियल, मशीनरी और प्रोजेक्ट से जुड़ी अन्य एक्टिविटीज के लिए किया जाएगा।
हरिद्वार दर्शन होगा आसान! 21 स्टेशनों पर दौड़ेंगी ड्राइवरलेस पॉड टैक्सी, जानें पूरी योजना
हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा को आसान बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। राज्य की स्टेट कैबिनेट ने बीते 27 नवंबर को 'हरिद्वार दर्शन' पॉड टैक्सी परियोजना
NRI Post Hindi Desk · 1 घंटे पहले · अपडेट 1 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





