ब्रिटेन में साल्मोनेला एंटरटिडिस नामक बैक्टीरिया के संक्रमण ने देश में दहशत फैला दी है। ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (यूकेएचएसए) की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2026 तक इस गंभीर फूड पॉइजनिंग के कारण एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि 207 लोग संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह संक्रमण ब्रिटेन के बाहर से आयात किए गए दूषित अंडों के सेवन से फैला है। ब्रिटेन के अखबार 'द गार्डियन' की रिपोर्ट के अनुसार, यूकेएचएसए ने ब्रिटेन में बने उत्पादों की आशंका को खारिज कर दिया है और कहा है कि मिले सबूत बाहर से आए अंडों की ओर इशारा करते हैं। इस बैक्टीरिया से 207 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनकी उम्र एक साल से कम से लेकर 90 साल तक है। ऐसा माना जा रहा है कि संक्रमित लोगों ने दूषित अंडे घर पर नहीं, बल्कि कैफे और रेस्तरां में खाए थे। यूकेएचएसए इस मामले की जांच यूरोपीय देशों की कई एजेंसियों के साथ मिलकर कर रही है, ताकि संक्रमण की शुरुआत की जड़ तक पहुंचा जा सके। एजेंसी ने मरने वाले व्यक्ति और उसकी स्थिति के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया है, क्योंकि इस मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी ने बताया कि साल्मोनेला से होने वाली बीमारी साल्मोनेलोसिस के कारण कम से कम 34 लोग इतने गंभीर रूप से बीमार पड़ गए कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि दो लोगों में ब्लडस्ट्रीम में भी संक्रमण पाया गया है। अधिकारियों ने होल-जीनोम सीक्वेंसिंग के जरिए यह पुष्टि की है कि सभी 207 मामले साल्मोनेला के एक ही स्ट्रेन से जुड़े हैं। इस संक्रमण का पहला मामला 11 अगस्त 2025 को सामने आया था, लेकिन ज्यादातर मामले पिछले महीने के बीच के दिनों में दर्ज किए गए हैं। किंग्स कॉलेज लंदन में रिसर्च एसोसिएट डॉ. साफी रहमान के अनुसार, यह कोई अलग-थलग घटना नहीं है, बल्कि यह प्रकोप 2025 में हुई घटना से काफी हद तक जुड़ा हुआ है, जो बाहर से मंगाए गए अंडों से संबंधित था। उन्होंने बताया कि दोनों सालों के स्ट्रेन जेनेटिक रूप से एक जैसे हैं, जो इस बात की ओर इशारा करता है कि समस्या की जड़ अभी भी खत्म नहीं हुई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और अंडों को अच्छी तरह पकाकर ही खाने की सलाह दी है। ब्रिटेन की स्वास्थ्य एजेंसी इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संक्रमण के स्रोत का पता लगाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सहयोग किया जा रहा है।
ब्रिटेन में साल्मोनेला का कहर: आयातित अंडों से फैला जानलेवा संक्रमण, 200 से ज्यादा बीमार, एक की मौत
ब्रिटेन में साल्मोनेला एंटरटिडिस नामक बैक्टीरिया के संक्रमण ने देश में दहशत फैला दी है। ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (यूकेएचएसए) की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2026 तक इस गंभीर फूड पॉइजनि
NRI Post Hindi Desk · 97 दिन पहले · अपडेट 4 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 यू.के.
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




