|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर हलचल, जल्द बुलाया जा सकता है संसद का सत्र

महिला आरक्षण संशोधन बिल और परिसीमन बिल को संसद से पास कराना केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार की कोशिश है कि 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण का फायदा दिलाने के लिए इ

NRI Post Hindi Desk · 7 घंटे पहले · अपडेट 7 घंटे पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर हलचल, जल्द बुलाया जा सकता है संसद का सत्र
📷 NRI Post Hindi Desk

महिला आरक्षण संशोधन बिल और परिसीमन बिल को संसद से पास कराना केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार की कोशिश है कि 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण का फायदा दिलाने के लिए इन दोनों बिलों को जल्द से जल्द संसद से पारित करवाया जाए। इसको लेकर राजनीतिक और संसदीय स्तर पर हलचल तेज होने के संकेत मिल रहे हैं और जल्द ही संसद का सत्र बुलाने की चर्चा जोरों पर है। सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान संशोधन विधेयक को दो-तिहाई बहुमत से पारित कराने की है। वैसे तो संसद ने सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया था, लेकिन इस कानून के तहत आरक्षण तत्काल लागू नहीं होना है। संविधान के अनुच्छेद 334ए के मुताबिक, इसके लिए संबंधित जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने के बाद परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है, यही वजह है कि 2023 में कानून पारित होने के बावजूद महिला आरक्षण लागू होने की तारीख को लेकर सवाल बने हुए हैं। इस पूरी प्रक्रिया में जनगणना सबसे अहम कड़ी है। देश में अगली जनगणना 2027 में पूरी होनी है, और जनगणना पूरी होने के बाद आंकड़ों को अंतिम रूप देने तथा उनके आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया शुरू करने में भी समय लगेगा। परिसीमन आयोग का गठन, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण और सीटों के आरक्षण की व्यवस्था तय करने जैसी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। ऐसे में अगर अभी महिला आरक्षण संशोधन विधेयक और परिसीमन बिल को पास नहीं करवाया जाता है तो 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले परिसीमन पूरा कराना मुश्किल हो सकता है। इसी समयसीमा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 2026 में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन विधेयक समेत तीन विधायी प्रस्ताव संसद में पेश किए थे। सरकार की योजना 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन का रास्ता तैयार करने और लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करने की थी, जिसमें 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने की योजना भी शामिल थी। हालांकि, 17 अप्रैल 2026 को संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया, जिसके बाद परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित विधेयकों पर भी आगे कार्यवाही नहीं हो सकी। अब सरकार की कोशिश है कि इस मुद्दे पर दोबारा राजनीतिक सहमति बनाई जाए और जरूरी संख्या जुटाकर विधेयकों को संसद से पारित कराया जाए। विपक्ष की ओर से परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा सीटों के पुनर्निर्धारण को लेकर पहले भी सवाल उठाए गए हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में संसद की कार्यवाही, सरकार की विपक्षी दलों से बातचीत और विशेष सत्र को लेकर होने वाले फैसले पर सभी की नजर रहेगी, क्योंकि इन बिलों का भविष्य ही काफी हद तक तय करेगा कि 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण का लाभ मिल पाएगा या इसके लिए उन्हें आगे इंतजार करना होगा।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!