आठवें वेतन आयोग के गठन को एक साल से अधिक का समय बीत चुका है और अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए दिए गए 18 महीनों में अब करीब छह महीने ही बचे हैं। इस बीच कर्मचारी संगठनों के साथ आयोग की बैठकों का सिलसिला लगातार जारी है और इन बैठकों में बड़ी-बड़ी मांगें सामने आ रही हैं। भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ की ओर से आयोग के समक्ष दो-चार नहीं बल्कि 73 प्रस्ताव रखे गए हैं, जिनमें 6 फीसदी वार्षिक इंक्रीमेंट से लेकर बीमा कवर और पांच प्रमोशन दिए जाने तक की मांग शामिल है। हालांकि इनमें से क्या-क्या मानना है, यह अंतिम फैसला सरकार को ही करना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक संगठन ने कर्मचारियों को मिलने वाले 3% वार्षिक इंक्रीमेंट को दोगुना करके 6% किए जाने की मांग की है। इसके अलावा महंगाई भत्ते को लेकर प्रस्ताव में कहा गया है कि महंगाई भत्ते का 50% हिस्सा बेसिक सैलरी और पेंशन में मर्ज किया जाए। तीसरी बड़ी मांग पेंशन से जुड़ी है, जिसमें कर्मचारियों ने एनपीएस और यूपीएस के बजाय ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल किए जाने की मांग की है। सिर्फ इतना ही नहीं, डिमांड लिस्ट में सैलरी, प्रमोशन, फिटमेंट फैक्टर से लेकर छुट्टियों और बीमा कवर तक से जुड़ी मांगें शामिल हैं। संगठन ने प्रस्ताव में कहा है कि कर्मचारियों को तीन दशक की नौकरी के दौरान पांच प्रमोशन दिए जाने चाहिए। वहीं सेंट्रल एंप्लाईज ग्रुप इंश्योरेंस स्कीम के तहत अब तक दिया जाने वाला बीमा कवर 15 लाख तक किया जाए। केंद्रीय कर्मचारियों के लिए पैटर्निटी लीव 45 दिन और चाइल्ड केयर लीव 12 दिन की मांग भी की गई है। आठवें वेतन आयोग के लिए 18 मई की डेडलाइन अगले साल मई 2027 में पूरी हो रही है और तमाम बैठकों के दौरान मिले सुझावों और मांगों के प्रस्ताव पर तैयार सिफारिशों की रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। जैसे-जैसे रिपोर्ट सौंपने का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे कर्मचारियों की सैलरी हाइक और महंगाई भत्ता मर्जर समेत अन्य मांगें तेज होती जा रही हैं। न सिर्फ बीपीएमएस बल्कि ज्यादातर कर्मचारी संगठनों की ओर से फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने की मांग की गई है, जो सैलरी हाइक में सबसे बड़ा रोल निभाता है। सातवें वेतन आयोग में यह 2.57 लागू किया गया था और इसके चलते न्यूनतम बेसिक सैलरी 18 हजार रुपये है, जबकि अब इसे 2.75 से लेकर 3.83 तक करने की मांग हो रही है। गणना के मुताबिक अगर सरकार 2.75 गुना फिटमेंट फैक्टर पर राजी होती है तो न्यूनतम बेसिक पे 18 हजार रुपये से सीधे 49 हजार 500 रुपये हो जाएगी, वहीं इसे 3.83 किए जाने पर यह एक झटके में करीब 51 हजार रुपये बढ़कर 68 हजार 940 रुपये हो जाएगी।
8वें वेतन आयोग से कर्मचारियों की 73 बड़ी मांगें, 6% इंक्रीमेंट से 5 प्रमोशन तक शामिल
आठवें वेतन आयोग के गठन को एक साल से अधिक का समय बीत चुका है और अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए दिए गए 18 महीनों में अब करीब छह महीने ही बचे हैं। इस बीच कर्मचारी संगठनों के साथ आयोग की बैठकों का सिलसिला लगा
NRI Post Hindi Desk · 2 घंटे पहले · अपडेट 8 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





